(राजेश बैरागी)
(गौतम बुद्ध नगर)
यह मात्र संयोग नहीं है कि मात्र दो किलोमीटर के दायरे में दो बड़ी परियोजनाएं शिलान्यास के लिए तैयार हैं परंतु बाद में आने वाली परियोजना का पहले शिलान्यास हो रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में वैश्विक आकार वाली कंपनी फॉक्सकॉन और भारत की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी एचसीएल के संयुक्त उपक्रम मैसर्स इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का शिलान्यास करने आ रहे हैं। उनके साथ केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव भी होंगे।सेक्टर 28 में 48 एकड़ भूमि पर स्थापित होने वाली यह कंपनी उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर बनाने वाली कंपनी होगी।

इस कंपनी के महत्व का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि शिलान्यास कार्यक्रम में आभासी रूप से प्रधानमंत्री भी उपस्थित होंगे। पिछले एक सप्ताह से युद्धस्तर पर इस शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियां की गई हैं।इसी के दो किलोमीटर के दायरे में सेक्टर 21 में बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी का भी शिलान्यास होना है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना 231 एकड़ में आकार लेगी। फिल्म सिटी निर्माताओं ने लंबे मौन के बाद फिल्म सिटी स्थल पर कुछ काम शुरू किया है। वहां बोनी कपूर अपनी मॉम 2 फिल्म का क्लाईमैक्स शूट करने के लिए सेट तैयार करा रहे हैं।बोनी कपूर कैंप से मिली जानकारी के अनुसार इंडिया चिप कंपनी के शिलान्यास के साथ फिल्म सिटी का शिलान्यास कराने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क साधा गया था परंतु उधर से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला। लिहाजा फिल्म सिटी की नींव की ईंट लगने में अभी और समय लगेगा। यह भी माना जा रहा है कि स्थल पर मॉम-2 फिल्म के लिए सेट बनाकर फिल्म सिटी के कंशेशनायर सरकार और यमुना प्राधिकरण को केवल फुसला रहे हैं। अभी उनका फिल्म सिटी बनाने का ठोस इरादा नहीं है।



