(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में 13 मार्च 1966 में जन्मे, यूपी कैडर के 1994 बैच के IPS अफसर देवकुमार माने जाते है तेज तर्रार और ईमानदार
तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में 13 मार्च 1966 में पैदा हुए 1994 बैच के यूपी कैडर के तेज़ तर्रार और ईमानदार IPS अफसर माने जाने वाले एलवी एंटनी देवकुमार को उत्तर प्रदेश सरकार ने सूबे का नया पुबलिस प्रमुख बनाया है।
वह डीजीपी राजीव कृष्ण के स्थान पर अब योगी आदित्यनाथ सरकार में प्रदेश के पुलिस विभाग के नए कप्तान की भूमिका निभाएंगे।
उसरकार ने एल. वी. एंटनी देव कुमार को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए उन्हें पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रैंक में पदोन्नत कर राज्य की कानून-व्यवस्था के शीर्ष पद पर नियुक्त किया है ।
विदित हो कि वे लंबे समय से उत्तर प्रदेश कैडर में सेवाएं दे रहे हैं और अपने प्रशासनिक अनुभव व कानून की गहरी समझ के लिए जाने जाते हैं।
एंटनी देव कुमार ने अपने करियर में डीआईजी, आईजी और एडीजी जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। हाल के वर्षों में वे एडीजी (रूल्स एंड मैनुअल), एडीजी सीबीसीआईडी और एडीजी स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इन पदों पर रहते हुए उन्होंने पुलिस व्यवस्था में सुधार, जांच प्रणाली को मजबूत करने और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शैक्षणिक दृष्टि से भी वे बेहद मजबूत पृष्ठभूमि रखते हैं। उन्होंने कानून और राजनीति विज्ञान में उच्च शिक्षा प्राप्त की है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में उनकी पकड़ और भी सुदृढ़ हुई है।
उनकी सेवाओं को देखते हुए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक (PPM) सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मिशन में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है, जो उनके अंतरराष्ट्रीय अनुभव को दर्शाता है।
सरकार के इस फैसले को प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासनिक हलकों में उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी तथा जवाबदेह बनेगी।




