(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
BJP के निर्विरोध चुने गए अध्यक्ष नितिन नबीन का पीएम मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी,अमित शाह, जेपी नड्डा समेत दिग्गजों ने दी बधाई
निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा,पीएम मोदी, राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी समेत 37 दिग्गजों ने नितिन नबीन के नाम का किया था प्रस्ताव
देश की सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी में आज से “नवीन” युग की शुरुआत हो गई है।
नितिन नबीन को आज आधिकारिक रूप से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। बीजेपी हेडक्वार्टर में मंच से जैसे उनके नाम का ऐलान हुआ, पूरी सभा तालियों से गूंज उठी. इस घोषणा के साथ ही पीएम नरेन्द्र मोदी ने उन्हें माला पहनाकर बधाई दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने बीजेपी मुख्यालय में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘नितिन नबीन को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बहुत बधाई व शुभकामनाएं देता हूं. नितिन नवीन जी मेरे बॉस है और मैं उनका कार्यकर्ता हूं।’
दरअसल नितिन नबीन राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार रहे। उनके पक्ष में 37 नेताओं के प्रस्ताव पत्र दाखिल किए गए, जिनमें प्रधानमंत्री मोदी का प्रस्ताव भी शामिल था। इस तरह उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया।
नितिन नबीन के बीजेपी अध्यक्ष बनने को लेकर उनके परिवार और पारिवारिक मित्रों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।इस खास मौके को लेकर माहौल पूरी तरह उत्सव जैसा बना हुआ है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी के नए अध्यक्ष नितिन नवीन को Z कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की गई है,सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यह फैसला लिया गया है।
45 वर्षीय नितिन नबीन अब 45 वर्ष पुरानी भारतीय जनता पार्टी के मुखिया के रूप में केन्द्र से तमाम प्रदेशों में सत्ताधारी दल के दलपति के तौर पर काम करेंगे।




