(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
गुरुवार को बिरला मातोश्री सभागार में आयोजित शोक सभा में सिक्किम के राज्यपाल माथुर समेत देशभर से कई वरिष्ठ नेता अर्पण करेंगे श्रद्धासुमन
महाराष्ट्र के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय श्री राज के.पुरोहित की स्मृति में आयोजित शोक सभा को लेकर मुंबई सहित देशभर में शोक और श्रद्धांजलि का वातावरण बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज गुरुवार 22 जनवरी को मुंबई के न्यू मरीन लाइंस स्थित बिरला मातोश्री सभागृह में आयोजित की जा रही इस शोक सभा में सिक्किम के राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर समेत देश के विभिन्न हिस्सों से कई वरिष्ठ राजनीतिक नेता, सामाजिक कार्यकर्ता, उद्योगपति,प्रवासी राजस्थानी समाज के प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
राज के.पुरोहित के आकस्मिक निधन से न केवल महाराष्ट्र की राजनीति, बल्कि प्रवासी राजस्थानी समाज में भी गहरा शोक व्याप्त है। वे ऐसे नेता के रूप में पहचाने जाते थे, जिनकी राजनीतिक भूमिका के साथ-साथ सामाजिक स्वीकार्यता भी अत्यंत व्यापक रही। यही कारण है कि उनकी शोक सभा में पार्टी-सीमाओं से ऊपर उठकर विभिन्न विचारधाराओं से जुड़े नेता और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होने की सहमति जता रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, शोक सभा में महाराष्ट्र सहित दिल्ली, राजस्थान, गुजरात और देश के अन्य राज्यों से आए वरिष्ठ नेता अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे और स्वर्गीय राज के पुरोहित के सार्वजनिक जीवन, सामाजिक योगदान तथा उनके व्यक्तित्व पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। प्रवासी राजस्थानी समाज के लिए यह शोक सभा एक सामूहिक श्रद्धांजलि कार्यक्रम के रूप में देखी जा रही है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी अपेक्षित है।
गौरतलब है कि स्वर्गीय राज के. पुरोहित का निधन 18 जनवरी 2026 को हुआ था। वे महाराष्ट्र सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री, मुंबई भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और लंबे समय तक विधानसभा में पार्टी के प्रमुख रणनीतिक चेहरों में शामिल रहे। उनके निधन को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में एक अपूरणीय क्षति के रूप में देखा जा रहा है।
शोक सभा गुरुवार को शाम 4 बजे से 6 बजे तक बिरला मातोश्री सभागृह, बॉम्बे हॉस्पिटल के पास, न्यू मरीन लाइंस, मुंबई में आयोजित की जाएगी, जहां शोकाकुल परिवार के साथ-साथ हजारों की संख्या में शुभचिंतक उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।




