(मुकेश शर्मा)
(ग्वालियर)
इंड्रस्टियल एरिया मालनपुर में संचालित बचपन इंटरनेशनल स्कूल में ग्रेजुएशन डे एवं एनुअल अवॉर्ड सेरेमनी 2026 का आयोजन हुआ.कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
समारोह में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। ग्रेजुएशन डे के अवसर पर छोटे बच्चों को प्रतीकात्मक रूप से ग्रेजुएशन कैप पहनाकर उन्हें नई शैक्षणिक यात्रा के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शील्ड एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त किया और विद्यालय परिवार की सराहना की।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं तथा उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। विद्यालय द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि थाना प्रभारी महाराजपुरा यशवंत गोयल ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि “बच्चे देश का भविष्य हैं। शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और अनुशासन उन्हें एक सफल और जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं। छोटे-छोटे प्रयास और निरंतर मेहनत ही आगे चलकर बड़ी सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।”इस अवसर पर
विद्यालय के संचालक दिनेश सिंह परिहार”बंटू” ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का मुख्य उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संस्कारवान एवं आत्मनिर्भर बनाना है।
उन्होंने बच्चों के लिए संदेश देते हुए कहा कि “जीवन में सफलता पाने के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच आवश्यक है। हर बच्चा अपने अंदर असीम संभावनाएं लेकर आता है, जरूरत है उन्हें पहचानने और सही दिशा में आगे बढ़ाने की।”
अभिभावकों के लिए उन्होंने कहा कि “बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में विद्यालय और अभिभावक दोनों की समान भूमिका होती है। बच्चों को प्रेम, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दें, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकें।”
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।



