(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
राज्यसभा के चुनावी रण में जीत की गोटी फिट करने के लिए देवेन्द्र फडणवीस ने कोर कमेटी की बैठक में लगाए हिसाब किताब
आदित्य ठाकरे के द्वारा दो सीट पर दावा किए जाने पर बीजेपी नेता आशीष शेलार ने कहा ख्याली पुलाव
महायुति बनाम महाविकास आघाड़ी के दांवपेंच के बीच शरद पवार के रुख पर है दोनों गठबन्धन दलों की निगाहें
10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीट के लिए अधिसूचना 26 फरवरी नामांकन 5 मार्च और मतदान और परिणाम 16 मार्च को है तय
महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है।भारतीय चुनाव आयोग ने 10 राज्यों की 37 सीटों के लिए चुनाव का ऐलान किया है, जिसमें महाराष्ट्र की 7 सीटों पर मुकाबला दिलचस्प बनता दिख रहा है। एक ओर आदित्य ठाकरे ने राज्यसभा की दो सीटों पर दावा ठोका है, तो वहीं बीजेपी के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार ने इस दावे को हकीक़त से परे बताया है। महायुति और महाविकास आघाड़ी के बीच संख्या बल का गणित भी चर्चा में है। इस पूरे समीकरण की कुंजी शरद पवार के रुख पर टिकी मानी जा रही है तो वहीं रोहित पवार ने भी पार्टी की भूमिका स्पष्ट की है। ऐसे में राज्यसभा की ये जंग महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरण क्या बनाएगी यह देखना दिलचस्प होगा।
केंद्रीय चुनाव आयोग के मुताबिक 10 राज्य की 37 सीटों के लिए अधिसूचना 26 फरवरी को जारी होगी और नामांकन 5 मार्च ,मतदान और परिणाम 16 मार्च को सम्पन्न होगा।
देखा जाए तो महाराष्ट्र में संख्या बल के आधार पर बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन 6 सीटें जीत सकता है, जबकि महाविकास आघाड़ी की 1 सीट पर जीत के बाद भी बचने वाले वोट की गणित में दोनों गठबन्धन गिद्ध दृष्टि जमाए हुए है।इसी गणित ने सियासी बयानबाजी को और तेज कर दिया है।

हाल ही में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निवास वर्षा पर बीजेपी की कोर कमेटी बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई।इस बैठक में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले का नाम लगभग तय माना जा रहा है, जबकि राज्यसभा सांसद विनोद तावडे, विजया रहाटकर और धैर्यशील पाटील के नाम भी सियासी फिज़ाओं में तैर रहे हैं।राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय राज्यसभा सांसद विनोद तावडे की राज्यसभा में वापसी राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
हालांकि उम्मीदवारों के अंतिम नाम पर फैसला पार्टी नेतृत्व लेगा।
शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट ने राज्यसभा की दो सीटों पर अपना दावा ठोका है।UBT नेता आदित्य ठाकरे का कहना है कि उनके सांसद संविधान और महाराष्ट्र के मुद्दों पर लगातार आवाज उठा रहे हैं।महाविकास आघाड़ी के गठन और संख्या बल के आधार पर सीटें बरकरार रखने की मांग की है और कांग्रेस के साथ गठबंधन जारी रखने की भी बात कही गई।
आदित्य ठाकरे के दावों पर कैबिनेट मंत्री व बीजेपी नेता आशीष शेलार ने ठाकरे के दो सीटों के दावे को जमीनी हकीकत से दूर बताया। कैबिनेट मंत्री शेलार ने महाविकास आघाड़ी के भीतर सहमति और उद्धव गुट के बदले रुख पर भी सवाल उठाया साथ ही कहा कि महायुति सभी सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ चुनाव लड़ेगी।
उधर महाविकास आघाड़ी की एक सीट को लेकर कांग्रेस, उद्धव गुट और राष्ट्रवादी शरद पवार गुट के बीच मचमच जारी है।
विदित हो कि महाविकास आघाड़ी के कुल 46 विधायक है जिनमें शरद पवार एनसीपी के 10 ,शिवसेना UBT के 20 और कांग्रेस के 16 विधायक है और जीत के लिए 37 वोट जरूरी है बाकी 9 वोट अतिरिक्त है।
शरद पवार एनसीपी के नेता और विधायक रोहित पवार ने कहा कि पार्टी चाहती है,कि शरद पवार राज्यसभा जाएं, लेकिन इस पर अभी अंतिम चर्चा नहीं हुई है।
राजनीतिक गणितबाजों के मुताबिक इस सीट पर होने वाला फैसला गठबंधन की एकजुटता की परीक्षा माना जाएगा।
मौजूदा वोट गणित के मुताबिक बीजेपी को 4 सीटें, शिवसेना शिंदे गुट को 1 और अजीत पवार की एनसीपी को 1 सीट और महाविकास आघाड़ी के खाते में 1 कुर्सी जा रही है। फिलहाल उम्मीदवारों के चयन, अंदरूनी समीकरण और शरद पवार के अंतिम रुख पर नतीजे निर्भर करेंगे।
कुल मिलाकर राज्यसभा चुनाव का ये सियासी रण आने वाले वक्त का राजनीतिक समीकरण तय कर सकता है और राज्यसभा चुनाव में संख्या बल जीतेगा या सियासी रणनीति बाजी मारेगा यह देखना दिलचस्प होगा।



