(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
केन्द्रीय वाणिज्य व उद्योग मंत्री ने कहा मुक्त व्यापार समझौतों में भारत के हित है सर्वोपरी
टेक्सटाइल सेक्टर में देश को मिलेगा बड़ा फायदा तो डेयरी, जीएम फ़ूड को समझौते से बाहर रखकर किसानों के साथ खड़ी है सरकार कहा गोयल ने
केन्द्रीय मंत्री ने कहा वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने देश को विकसित बनाने की दिशा में पेश किया है बढ़िया बजट
पुलवामा में हुए आतंकी हमले में बलिदान हुए जवानों को नमन करते हुए गोयल ने कहा सदैव ऋणी रहेगा देश
मुक्त व्यापार समझौतों में मोदी सरकार किसी भी प्रकार से भारत के हितों से समझौता नहीं कर रही इसके बावजूद कांग्रेस और राहुल गांधी अनाड़ी नेता की तरह झूठ और भ्रम फैलाने में लगे हुए हैं।
उक्त दावा आज शनिवार को बीजेपी प्रदेश कार्यालय में केन्द्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने प्रेस कांफ्रेंस में किया।
उन्होंने आगे कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और भारत अपने राष्ट्रीय हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। यह आश्वासन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को दिया।
गोयल ने आज ही के दिन पुलवामा में हुए आतंकी हमले में बलिदान हुए जवानों को नमन करते हुए कहा कि देश उन जवानों का सदैव ऋणी रहेगा।

केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व के 38 देशों के साथ भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, जिससे वैश्विक व्यापार के लगभग 70 प्रतिशत हिस्से तक भारत की पहुंच सुनिश्चित हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन समझौतों में भारत के किसानों, डेयरी क्षेत्र और जीएम फूड को बाहर रखते हुए किसानों के हितों की पूरी सुरक्षा की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी क्षेत्र के हितों को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को अब कोई शक्ति रोक नहीं सकती। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट में प्रधानमंत्री की कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रहित की भावना स्पष्ट झलकती है। यह बजट निर्यात, निवेश और रोजगार सृजन को नई गति देगा।
केंद्रीय बजट से महाराष्ट्र को बड़ा लाभ होने का दावा करते हुए गोयल ने कहा कि आर्थिक प्रगति, आत्मनिर्भरता और आधारभूत ढांचे के विकास से देश की अर्थव्यवस्था को साढ़े तीन गुना अधिक मजबूती मिली है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME), विनिर्माण क्षेत्र, रोजगार सृजन, विदेशी निवेश और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिनका सीधा लाभ महाराष्ट्र और मुंबई को मिलेगा।
महाराष्ट्र में तीन नए केमिकल पार्क और टेक्सटाइल पार्क स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान राज्य के रेल परियोजनाओं के लिए बजट में सिर्फ़ 1 हज़ार करोड़ रुपए का बजट दिया गया था तो वहीं अब मोदी सरकार में महाराष्ट्र राज्य को 24 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। जिसमें पुणे और नागपुर को ग्रोथ हब के रूप में विकसित करने के लिए अगले पांच वर्षों में प्रत्येक शहर हेतु 5 हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। मुंबई–पुणे तथा पुणे–हैदराबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर की योजना भी बनाई जा रही है।
इसके अतिरिक्त दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे, मुंबई–अहमदाबाद हाईस्पीड रेल, वधावन बंदरगाह का विकास, तीसरे हवाई अड्डे का संचालन और पर्यटन को प्रोत्साहन जैसे प्रकल्पों से महाराष्ट्र को व्यापक लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री की ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ के माध्यम से देश में परिवर्तन की नई लहर आ रही है।
गोयल ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता में भ्रम फैलाने के अलावा उनके पास कोई ठोस योजना या प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के बीच गलतफहमियां फैलाने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनता ऐसे निराशाजनक प्रयासों को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का विकास और अधिक गति से आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर विधायक व मुम्बई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम, परदे महासचिव श्वेता पारुलकर, राजेश श्रीवाडकर, पूर्व विधायक व प्रदेश प्रवक्ता अतुल शाह, प्रदेश प्रवक्ता ओमप्रकाश चौहान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे हैं।




