(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
कमिश्नर भूषण गगरानी ने रितु तावड़े को महापौर तो उपमहापौर पद पर शिवसेना के संजय घाड़ी को दिलाया शपथ
शपथ ग्रहण में मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित तमाम मंत्रियों,विधायकों,अफसरों की रही मौजूदगी
बाला साहब ठाकरे की जन्मशताब्दी के अवसर पर उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप मुम्बई का प्रशासन देने का करेंगे कार्य: देवेन्द्र फडणवीस
मुंबईकरों ने महायुति को समर्थन देकर विकास को किया स्वीकार: एकनाथ शिंदे

आज का दिन भारतीय जनता पार्टी के लिए 44 वर्ष के सफ़र के इतिहास में दर्ज होने वाला रहा जब देश की सबसे धनी बृहन्मुंबई महानगरपालिका के महापौर पद पर रितु तावड़े ने शपथ लिया।
उपमहापौर पद पर शिवसेना शिन्दे गुट के नगरसेवक संजय घादी ने शपथ ग्रहण किया।
मुंबई महानगरपालिका आयुक्त भूषण गगराणी की उपस्थिति में महापालिका सभागृह में श्रीमती रितु तावड़े और श्री संजय घाड़ी ने महापौर और उपमहापौर पद का कार्यभार संभाला।

इस अवसर पर सभागार में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, मुंबई भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक अमित साटम, कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, महाराष्ट्र विधान परिषद सदस्य द्वय राजहंस सिंह, प्रवीण दरेकर, पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी, मनोज कोटक, विधायक पराग अलवाणी, विधायक योगेश सागर, विधायक संजय उपाध्याय, विधायक मनीषा चौधरी, पूर्व मंत्री विद्या ठाकुर, भाजपा गटनेता गणेश खणकर, भाजपा महासचिव राजेश शिरवाडकर, श्रीमती श्वेता परुळकर सहित सभी नवनिर्वाचित नगरसेवक और नगरसेविकाएँ उपस्थित थे।
मुंबई महानगरपालिका आयुक्त भूषण गगराणी ने महापौर श्रीमती रितु तावड़े और उपमहापौर संजय घाड़ी को बधाई देते हुए उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दीं।

विदित हो कि रितु तावड़े घाटकोपर के प्रभाग क्रमांक 132 से नगरसेविका के रूप में निर्वाचित हुई हैं। इससे पहले वे मुंबई महानगरपालिका की शिक्षा समिति की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।
महापौर पद संभालने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मीडिया से बात की।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा,”मैंने आज पहली बार इस सभागार की कार्यवाही देखी। मुझे अत्यंत खुशी है कि आज महापौर और उपमहापौर पद पर भाजपा-शिवसेना महायुति के सदस्य विराजमान हुए हैं। महापौर श्रीमती रितु तावड़े और उपमहापौर श्री संजय घाड़ी महायुति के सशक्त प्रतिनिधि के रूप में मुंबई महानगरपालिका का कामकाज संभालेंगे। रितु तावड़े को एक अनुभवी और सशक्त मराठी चेहरा माना जाता है। मुंबई के विकास के लिए उनकी हमेशा आक्रामक और दृढ़ भूमिका रही है। उन्हें महानगरपालिका के कार्य का अनुभव है, जिसका हमें लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदू हृदयसम्राट स्वर्गीय बाळासाहेब ठाकरे की जन्मशताब्दी के अवसर पर उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप मुंबई का प्रशासन देने का कार्य हम करेंगे। नई मुंबई के निर्माण को गति देने के लिए महापौर और उपमहापौर को जो भी सहयोग आवश्यक होगा, वह मैं और उपमुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे अवश्य करेंगे।”

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, कि”मैं मुंबईकरों का हृदय से धन्यवाद करता हूँ कि उन्होंने महायुति को समर्थन देकर विकास को स्वीकार किया है। महापौर श्रीमती रितु तावड़े और उपमहापौर संजय घाड़ी को मैं बधाई देता हूँ। मुंबई में महायुति ने अत्यंत सक्षम और अनुभवी महापौर एवं उपमहापौर दिए हैं। हमने मुंबईकरों से जो वादे और आश्वासन किए थे, उन पर विश्वास जताते हुए उन्होंने हमें समर्थन दिया है। पिछले 25 वर्षों से मुंबईकर विकास से वंचित थे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महायुति ने मुंबई को वैश्विक स्तर का शहर बनाने के लिए पिछले कुछ वर्षों से कार्य प्रारंभ किया है इसलिए मुंबईकरों ने विकास को प्राथमिकता देते हुए हमें समर्थन दिया है। स्वर्गीय बाळासाहेब ठाकरे के सपनों की मुंबई बनाने के लिए हम प्रयासरत रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न के अनुरूप मुंबई को विश्वस्तरीय शहर बनाने के लिए आगामी समय में हम महापौर और उपमहापौर को पूरा सहयोग देंगे।”
इसके पूर्व शपथ ग्रहण के दौरान सभागार जय शिवाजी,जय भवानी, भारत माता की जय के घोष से गुंजायमान रहता रहा।




