(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
तत्कालीन एसडीएम पुष्पा पुषाम ने 2021 में हटावाया था अतिक्रमण, भू-माफिया ने पुनः किया कब्जा
सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य ने कहा कि SDM और DM को पत्र लिखकर मामले से कराया है अवगत
चर्चित भू माफिया राजेश तोमर एवं कुलदीप भदौरिया ने नगर निगम के वार्ड नंबर 62 के पटवारी हलका सेंथरी ग्राम विक्रमपुर तहसील ग्वालियर ग्रामीण अरबों की शासकीय भूमि,सरकारी नाले के साथ सीएम राईज स्कूल की भूमि भी भू माफिया की गिद्ध दृष्टि की शिकार हो गई।
सरकारी भूमि सर्वे क्रमांक -231 रकबा 0.0210 हैक्टेयर, -232 रकबा 0.0210 हैक्टेयर, -233 मिन-1 रकबा 0.0310 हैक्टेयर,-233 मिन-2 रकबा 0.420 हैक्टेयर,-233 मिन-3 रकबा 0.0310 हैक्टेयर,-234 रकबा 0.310 हैक्टेयर, -237 रकबा 0.4810 हैक्टेयर, सर्वे -244 मिन-1 रकबा 0.0630 हैक्टेयर,-244 मिन-2 रकबा 0.0520 हैक्टेयर,-244 मिन-3 रकबा 0.0520 हैक्टेयर कुल रकबा 0.825 हैक्टेयर भूमि भू माफिया ने कॉलोनी काटदी तथा शासकीय नाले पर कॉलोनी की सड़क बना दी।
उक्त आशय की शिकायत भोपाल निवासी आरटीआई कार्यकर्ता डॉ. नर्मदा प्रसाद सोनी ने प्रदेश के मुख्य सचिव से की है. श्री सौनी ने अपनी शिकायत में भू माफिया और स्थानीय प्रशासन की मिलीभगत का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि उपरोक्त भू माफियाओं द्वारा उक्त भूमि के पास ही स्थित शासकीय नाले की भूमि सर्वे कंमाक-235, 236, 214 की भूमि पर अतिक्रमण कर बेच दिया है तथा नाले पर कॉलोनी की सीसी रोड बना दी है। इसके अलावा सीएम राईज स्कूल के प्राचार्य चौहान से सांठ गांठ कर स्कूल की भूमि भी बेच दी है।
अपनी शिकायत में सोनी ने यह भी आरोप लगाया कि भू माफिया राजेश तोमर और कुलदीप भदौरिया द्वारा किये गए अवैध अतिक्रमण से नाले में सीवेज का निकास पूर्ण रूप से बंद हो गया है जिससे सीवेज का निकास न हो पाने के कारण आस पास के रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस बावत रहवासियों द्वारा भी मौजा पटवारी,तहसीलदार एवं नगर निगम के अधिकारियों से कई बार लिखित एवं मौखिक शिकायतें की जा चुकीं हैं परंतु प्रशासन आंख कान बन्द किए बैठा है। इससे साबित होता है कि भू माफिया को प्रशासन की खुली छूट है! सोनी ने शिकायत में लिखा कि वर्तमान में राजेश तोमर और कुलदीप भदौरिया द्वारा अवैध रूप से निर्मित की जा रही कॉलोनी पर भी प्रशासन ने अब तक कोई कार्यवाही नही की है ।बता दें कि उपरोक्त सर्वे नंबरों की शासकीय भूमि पर किये गये अवैध अतिक्रमण को 2021 में तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी पुष्पा पुषाम द्वारा अतिक्रमण मुक्त कराया गया था लेकिन उसके बाद पुनः भू माफिया राजेश तोमर एवं एवं कुलदीप भदौरिया ने अतिक्रमण कर उक्त भूमि पर अवैध रूप से सड़क का निर्माण कार्य कर भू-खण्डों को बेचा जा रहा है।
अपनी शिकायत में सोनी ने आगे कहा कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा अवैध कॉलोनी के निर्माण को प्रतिबंधित किया जा चुका है, जिसके पश्चात भी उपरोक्त भू-माफियाओं द्वारा अवैध रूप से कॉलोनी का निर्माण कर भू-खण्डों को विक्रय कर आम जनता के साथ ठगी की जा रही है।
सोनी ने शिकायत में मुख्य सचिव से भू- माफिया राजेश तोमर, कुलदीप भदौरिया,सीएम राईज स्कूल के प्राचार्य चौहान के साथ पटवारी करन तोमर के विरुद्ध कार्रवाई कर अवैध रूप से निर्मित की जा रही कॉलोनी एवं शासकीय भूमि पर किये गये अवैध निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण मुक्त कराने एवं उपरोक्त सर्वे क्रमांकों की भूमि पर अवैध रूप से बेचे जा रहे भू-खण्डों के क्रय विक्रय पर रोक लगाने की मांग की है।
इस संदर्भ में सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य का कहना है कि स्कूल की भूमि पर अतिक्रमण हो रहा है, मैंने इस संबंध में कार्रवाई के लिए एसडीएम और कलेक्टर को पत्र लिखकर अवगत करा दिया है।




