(राजेश बैरागी)
(गौतम बुद्ध नगर)
प्रधानमंत्री मोदी के हाथों नोएडा के जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही फिल्म सिटी का भी कराया जा सकता है शिलान्यास
तमाम कयासों और आशंकाओं को खारिज करते हुए यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर 21 में मुंबई के बरअक्स अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी के निर्माण की शुरुआत हो गई है।
231 एकड़ में बनने वाली इस फिल्म सिटी का शिलान्यास इसी महीने होने जा रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के साथ कराए जाने की संभावना है।
खबर में संभावना व्यक्त की गई थी कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में एक ही दिन दो बड़ी और महत्वाकांक्षी परियोजनाएं नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी अस्तित्व में आ सकते हैं। इनमें से हवाई अड्डे का उद्घाटन जिस दिन होगा, संभवतः उसी दिन प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से फिल्म सिटी का भी शिलान्यास कराया जाएगा।उस दिन को यादगार बनाने के लिए बोनी कपूर की महत्वाकांक्षी फिल्म “मॉम -2” के कुछ दृश्यों की शूटिंग भी यहीं की जाएगी।
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर 21 में प्रस्तावित फिल्म सिटी के निर्माण के लिए कंशेशनायर बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा वहां चारदीवारी बनाने का काम शुरू कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि यमुना प्राधिकरण के सेक्टर 21 में फिल्म सिटी बनाने के लिए 231 एकड़ भूमि आरक्षित की गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्म सिटी बनाने के लिए फिल्म निर्माता बोनी कपूर और भूटानी बिल्डर के संयुक्त उपक्रम बेव्यू भूटानी फिल्म प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड को कंशेशनायर चुना गया है। यहां 156 एकड़ भूमि पर स्टूडियो, फिल्म शोध संस्थान/विश्वविद्यालय, साइट लोकेशन आदि विकसित किए जाएंगे जबकि शेष 75 एकड़ भूमि पर अन्य व्यवसायिक गतिविधियां होंगी। यमुना प्राधिकरण प्रशासन फिल्म सिटी परियोजना को साकार करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। फिल्म सिटी निर्माण में जहां एक हजार करोड़ रुपए से अधिक का निवेश होगा वहीं हजारों लोगों के रोजगार की संभावना पैदा होगी।
कुल मिलाकर देश ही नहीं बल्कि दुनिया में सबसे बड़े फिल्म सिटी में सी एक बनने जा रही इस बिग प्रोजेक्ट से निश्चित रूप से उत्तर प्रदेश में कला, कलाकार के साथ ही चतुर्दिक स्तर पर विकास होने के साथ ही अनगिनत लोगों को रोज़गार मिलेगा।




