★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
लच्छेदार शब्दों का जाल है मोदी सरकार का बजट=श्याम सिंह यादव
गोरखपुर के बीजेपी सांसद रविकिशन और जौनपुर के बसपा सांसद श्याम सिंह यादव ने बजट पर दी अपनी प्रतिक्रिया
♂÷अद्भुत है ऐतिहासिक है यह बजट, सभी वर्गों के हितार्थ में मोदी सरकार बजट लेकर आई है इसी को रामराज्य कहा जा सकता है।
भारत सरकार की वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश किए गए आम बजट पर गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र के बीजेपी सांसद व अभिनेता रविकिशन ने अपनी प्रतिक्रिया में उक्त बातें कही।
सांसद ने आगे कहा कि कोविड महामारी से लेकर अभी तक और आने वाले अगले वर्ष तक देश के 80 करोड़ गरीबों को फ़्री देना यह दर्शाता है कि मोदी सरकार गरीबों के लिए हर कदम पर साथ खड़ी है।उन्होंने कहा मध्यम वर्ग, मिडिल क्लास बिजनेस मैन,नौकरी पेशा वर्ग, पेंशन भोगी कर्मियों के हित में सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए 7 लाख तक की आय को इनकम टैक्स फ्री किया है जो कि अभूतपूर्व कदम है। गोरखपुर सांसद रवि किशन ने दावा करते हुए कहा 70 सालों में जो काम पूर्ववर्ती सरकारों ने नहीं किया वह काम पिछले 8 साल में मोदी सरकार ने कर दिखाया है, आज पूरे विश्व में यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक बड़ी शक्ति बन चुका है और विश्व गुरु बनने की राह पर है।
रविकिशन ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बन चुके हैं उनके नेतृत्व में देश दिनों दिन सभी स्तरों पर तरक्की कर रहा है और विश्व मे भारत देश की मजबूत राष्ट्र की छवि बन चुकी है। गोरखपुर सांसद ने रामचरितमानस की चौपाई पर लेकर उठे विवाद पर कहा जो लोग अमर्यादित टिप्पणी रामचरितमानस,प्रभु श्रीराम को लेकर कर रहे हैं उससे मालूम पड़ता है कि सपा मान चुकी है कि वह30- 40 साल तक सत्ता में नहीं आने वाली है क्योंकि उनके पास प्रधानमंत्री मोदी,मुख्यमंत्री योगी के विकल्प के रूप में कुछ भी नहीं है।इन लोगों को यह एहसास है कि जनता इनका साथ देने वाली नहीं है ,इन के शासनकाल में इनके अत्याचार और जंगलराज से ऊबी जनता इनको कोई भी तवज्जो नहीं दे रही है इसीलिए उनकी बौखलाहट और खीझ बता रही है कि जनता उनको पूरी तरह से ख़ारिज कर चुकी है।

उधर जौनपुर सदर लोकसभा सीट से बसपा सांसद श्याम सिंह यादव ने सरकार के द्वारा पेश किए गए बजट को लच्छेदार शब्दों का जाल बताते हुए कहा कि मोदी सरकार ने अपने शासनकाल में बहुत सारी योजनाओं की घोषणा कर डाली है वह पूरी नही होती कि जनता को बहकाने लुभाने के लिये फ़िर से योजनाओं की कतार लगा देती है।
सांसद ने तर्क देते हुए कहा कि एक तरफ़ मोदी सरकार कह रही है कि उनकी सरकार में देश के प्रति व्यक्ति की 1.79 रुपये हो चुकी है तो वहीं वह दूसरी ओर दम भर रहे हैं कि कोविड काल से लेकर अब तक तकरीबन तीन वर्षों से 80 करोड़ गरीबों को मुफ़्त राशन दे रहे हैं खाना खिला रहे हैं।केंद्र सरकार के इस दावे में ही कितना विरोधाभास है कि एक तरफ़ कह रही है कि देश मे प्रति व्यक्ति की आय 1 लाख 79 हज़ार रुपये हो चुकी है तो दूसरी तरफ़ कई साल से 80 करोड़ ग़रीब जनता को मुफ़्त में खाना भी दे रही है,6 हज़ार की धनराशि लोगों के खाते में भेजने की क्या जरूरत है।बजट में सरकार दोहरी बातें कह रही है।
बसपा सांसद ने आगे कहा कि यह बजट देश की ग़रीब जनता को जो सपना दिखा रही है वह ज़मीन पर उतरने से रही,सरकार खूबसूरती से लोंगो को उलझा रही है।आज देश में बेरोजगारी, ग़रीबी बढ़ती जा रही है तो बड़े बड़े डिग्री होल्डर्स को नौकरी नही मिल पा रही है, केंद्र सरकार सिर्फ़ घोषणा करने में लगी हुई है।




