(आलोक तिवारी)
(मथुरा)
अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक में होंगे शामिल
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत रविवार को धार्मिक नगरी मथुरा पहुंचे। संघ प्रमुख के आगमन को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। मथुरा रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद वे सीधे वृंदावन स्थित ‘केशव धाम’ के लिए रवाना हुए।
संघ प्रमुख 4 जनवरी से 10 जनवरी तक वृंदावन के केशव धाम में प्रवास करेंगे। इस दौरान वे सात दिवसीय ‘अखिल भारतीय कार्यकारिणी बैठक’ की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में संघ के सह-सरकार्यवाह सहित देश भर के लगभग 50 वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक इस उच्च स्तरीय बैठक में संघ के विभिन्न प्रकल्पों की समीक्षा की जाएगी और आगामी संगठनात्मक एजेंडों पर विस्तार से मंथन होगा। अपने प्रवास के दौरान मोहन भागवत अक्षयपात्र संस्था द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके साथ ही वे वृंदावन स्थित सुदामा कुटी के शताब्दी समारोह में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
मोहन भागवत के इस मथुरा प्रवास को राजनीतिक और सामाजिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनसे मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया है।




