(आलोक तिवारी)
(मथुरा)
√ पार्षदों ने लगाया अधिकारियों पर अनसुनी करने का आरोप
मथुरा वृंदावन नगर निगम की बोर्ड मीटिंग 7 महीने बाद वृंदावन के एक होटल में आयोजित की गई। मेयर की अध्यक्षता में आयोजित हुई मीटिंग में पार्षदों ने अधिकारियों पर बातें अनसुनी करने का आरोप लगाया। बोर्ड मीटिंग में सर्व सहमति से 25 प्रस्ताव पारित किए गए।मथुरा वृंदावन नगर निगम की चौथी बोर्ड मीटिंग वृंदावन के एक होटल में आयोजित की गई। नगर आयुक्त शशांक चौधरी,उप सभापति मुकेश सारस्वत के अलावा 70 पार्षद और अधिकारियों की मौजूदगी में हुई मीटिंग में 25 प्रस्ताव रखे गए जिनको सर्व सहमति से पारित कर दिया गया।
मीटिंग की अध्यक्षता मेयर विनोद अग्रवाल ने की।बोर्ड मीटिंग में पार्षदों ने कहा कि अधिकारी उनकी कही बात पर कोई कार्यवाही नहीं करते। वही बात जनता का व्यक्ति सीधे या अन्य माध्यम से करता है तो उसको सुन लिया जाता है। पार्षद राजीव सिंह ने कहा कि विभिन्न एजेंसियां पाइप लाइन बिछाती हैं,कोई तार डालता है जिसके बाद सड़कों की स्थिति बदतर हो जाती है। इस पर ध्यान देने की जरूरत है। ट्रैफिक लाइट शो पीस बनी हैं,तिराहा ,चौराहा को बैरिकेड कर बंद कर दिया गया है। जिससे उनकी पहचान खत्म हो रही है वहीं बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
नगर निगम की बोर्ड मीटिंग में जल भराव की समस्या का मुद्दा हावी रहा। सपा पार्षद मुन्ना मलिक ने कहा कि जल भराव की स्थिति यह है कि सड़कों पर नाव चल जाए। जब भी बारिश होती है महानगर पानी पानी हो जाता है। इस पर नगर आयुक्त शशांक चौधरी ने कहा हैदराबाद की एक एजेंसी से बात हुई है कि90 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। जल्द पास होते ही इस समस्या से छुटकारा मिल जाएगा
हाउस टैक्स निर्धारण के लिए कराए गए जीआईसी सर्वे को लेकर पार्षदों ने आपत्ति जताई। पार्षदों का कहना था तकनीक के जरिए किए गए सर्वे के कारण टैक्स में बढ़ोत्तरी हुई है। जिसकी वजह से जनता परेशान है।
पार्षद रेणु चौधरी ने कहा इससे कोई संतुष्ट नहीं है। इसके समाधान के लिए एक मुश्त जमा योजना लागू कर दी जाए।मेयर विनोद अग्रवाल ने कहा कि टैक्स मजबूरी में लिया जा रहा है। जिससे विकास हो सके। नगर आयुक्त शशांक चौधरी ने बताया कि 2021- 22 में 16 करोड़ टैक्स आया,2022- 23 में 25 करोड़,2023- 24 में 42 करोड़ और इस वित्तीय वर्ष में 80 करोड़ टैक्स वसूली का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा वह मानते हैं जीआईसी में कोई कमी हो जिसको सुधारा जाएगा।
भाजपा पार्षद संजय अग्रवाल ने वार्डों में कराए जा रहे काम में पक्षपात का आरोप लगाया। संजय अग्रवाल ने कहा उनके वार्ड में 18 महीने के कार्यकाल में महज 12 लाख रुपए के काम हुए हैं। एक छोटे से काम के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। वार्ड 23 के सुभाष यादव ने कहा कि पार्षद के कहने से अधिकारी काम ही नहीं करते। सुभाष ने मृत्यु प्रमाण पत्र में प्रयोग किए जा रहे कागज की गुणवत्ता को बेहद खराब बताया। वार्ड 46 के पार्षद राजवीर सिंह ने कहा पीएम और सीएम कहते हैं सबका साथ सबका विकास।
जबकि नगर निगम में पार्षदों का हो रहा उपहास। इस पर सदन में जमकर ठहाके लगे।मीटिंग में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब उन्होंने अपनी शिकायत रखते हुए नगर निगम में भाजपा पार्षद और मुख्य सचेतक कुलदीप ने कहा कि जल निगम के जीएम को फोन करो तो वह सुनते नहीं। ज्यादा कहो तो कहते हैं मारोगे मुझे,इतना कहते ही कुलदीप आक्रोश में आ गए और कहा कि आप पिटोगे भी। इसके बाद हंगामा हुआ तो मेयर ने कहा कि यह शब्द गलत है इसको वापस लिया जाए। मीटिंग में अधिकारियों की मिल रही शिकायत के बाद मेयर विनोद अग्रवाल नाराज हो गए। उन्होंने मीटिंग में मौजूद अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगर अधिकारी पार्षदों की बात नहीं सुनेंगे उनकी बातों को अनदेखा करेंगे तो उनके खिलाफ कार्यवाही की जायेगी,इसकी शिकायत शासन से की जायेगी। यह रवैया किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
उप सभापति मुकेश सारस्वत ने कहा कि अधिकारी पार्षदों के मान सम्मान का ध्यान रखें। मीटिंग में सह आयुक्त अनुज कौशिक ने प्रस्ताव रखे। जिसमें ई रिक्शा रजिस्ट्रेशन शुल्क पर वार्ड 70 के पार्षद वैभव अग्रवाल ने कहा कि पारदर्शिता कैसे लायेंगे। पिछली मीटिंग में पार्किंग,होर्डिंग का शुल्क निर्धारण हुआ उसमें कितना आया कुछ पता ही नहीं। मीटिंग में 25 प्रस्ताव रखे गए जिनको जय श्री राम के नारों के साथ स्वीकृत कर दिया गया। वार्ड संख्या 14 से पार्षद बाल कृष्ण चतुर्वेदी ने नगर निगम पर आरोप लगाया कि उनके वार्ड में काम नहीं हुआ। आरएसएस से जुड़े रहे हरी गुरु की स्मृति में बनाए गए पार्क में कोई व्यवस्था नहीं की गई। पार्क में न पानी है न लाइट है।