★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
जौनपुर के इलेक्ट्रॉनिक न्यूज़ चैनल के पत्रकार देवेंद्र खरे को बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके ऑफिस के बाहर गोली मारी
एसपी अजयपाल शर्मा ने इलाकाई पुलिस व पीड़ित से जानकारी लेकर अधिनस्थों को घटना का शीघ्र पर्दाफ़ाश करने की सख़्त चेतावनी दी
पत्रकार ने ख़बर से ताक़तवर की नाराजगी का ज़िक्र करने के साथ ही अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध पुलिस को शिकायती पत्र देने की बात कही
CM,DGP के सख़्त आदेश के बाद भी लाइनबाजार थाना प्रभारी का सीयूजी नम्बर रात 9.30 बजे पर कॉल करने के बाद मिला नॉट रिचीबल

♂÷जौनपुर में पुलिस की अपराधियों पर नकेल कसने की कोशिशों के बाद भी आये दिन कुछ न कुछ ऐसी दुस्साहसिक घटना को बदमाशों द्वारा अंजाम देने के चलते योगीराज की धमक और क़ानून की दहशत इन बदमाशों पर पुलिस”घुसाने” में कहीं न कहीं चूक जा रही है।
आज जौनपुर में सरेशाम बदमाशों ने एक खबरनवीस के ऊपर गोलियां तड़तड़ा कर पत्रकारों व लोगों में दहशत फैला दी।गोली लगने से घायल पत्रकार को लोग लेकर सदर अस्पताल पहुँचे जहाँ पर वह ख़तरे से बाहर बताए गए तो पुलिस ने भी अस्पताल पहुँचकर घटना की बाबत पत्रकार से जानकारी जुटाई।
इस सनसनीखेज वारदात के पश्चात पुलिस अधीक्षक अजयपाल शर्मा ने इलाकाई पुलिस व पीड़ित से पूरी जानकारी लेकर पर्दाफ़ाश करने में जुट गए हैं।
तो वहीं मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के सख़्त आदेश- निर्देश कि पुलिसकर्मियों को चौबीसों घण्टे अपने सीयूजी फ़ोन को चालू रखना है और लोगों को सेवा सुरक्षा देने के लिए उपलब्ध रहना है की जानकारी लगता है लाइनबाजार पुलिस के पास अभी तक नही पहुँच पाई है।
खबर लिखने के दौरान जब लेटेस्ट जानकारी के लिए लाइनबाजार थाना प्रभारी के सीयूजी मोबाइल नम्बर पर रात के 9.30 बजे फ़ोन किया गया तो वह नॉट रिचीबल बताने लगा।
जिससे ज़िले में एक पत्रकार के ऊपर घटी दहशतज़दा घटना के बाबत पुलिस की ताज़ातरीन प्रगति व कार्रवाई की जानकारी नही मिल सकी।
घटना के बाबत मिली जानकारी के अनुसार ज़िले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के पॉलिटेक्निक चौराहें से मड़ियाहूं रोड पर स्थित बालू मंडी के पास एक इलेक्ट्रॉनिक चैनल के पत्रकार देवेंद्र खरे का ऑफिस है।
आज शाम लगभग 6.30 बजे वह अपने कार्यालय के बाहर अपने मित्रों के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे कि तभी मोटरसाइकिल सवार आए दो बदमाशों ने देवेंद्र खरे पर गोलियां चला दी।
बदमाशों द्वारा चलाई गई 5 राउण्ड गोलियां खरे के मोबाइल को तोड़ते हुए उनके हाथ में लगी और एक उनके पेट को छूती हुई निकल गयी।उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। आसपास के लोगों द्वारा ललकारने पर दोनों बदमाश मड़ियाहूं की तरफ़ भाग निकले।
उधर घायल पत्रकार देवेंद्र कुमार खरे ने बताया कि पिछले दिनों एक खबर उन्होंने चलाई थी जिसको लेकर एक ताक़तवर को नाराजगी थी और उन पर यह हमला किसी माफिया के इशारे पर हुआ है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक अजयपाल शर्मा ने अधिनस्थों को जल्द से जल्द घटना का पर्दाफ़ाश करने की सख़्त ताक़ीद दी।




