(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
CAA पर विपक्ष का विरोध मानवता विरोधी इस कानून से किसी भी भारतीय की नागरिकता नही छीनी जा रही: नवनीत राणा

CAA कानून संविधान के आर्टिकल 14 का उल्लघंन कर चुनावी लाभ लेने के लिए मोदी सरकार लेकर आई:वृन्दा करात
दस वर्षों में देश को कर्ज में डुबोने और हिन्दू मुस्लिम कर विभाजनकारी राजनीति कर रही है मोदी सरकार:श्याम सिंह यादव

सिटीजन अमेंडमेंट एक्ट लागू करते ही सत्तापक्ष और विपक्ष में ज़ुबानी जंग हुई तेज़, बीजेपी कह रही 3 देशों से धार्मिक आधार पर प्रताड़ित होकर आए लाखों गैर मुस्लिमों को मिलेगी नागरिकता तो विपक्ष कह रहा चुनावी लाभ के लिए लाये CAA
मोदी सरकार ने जो भी वादे अपने घोषणा पत्र में किए थे उनको पूरी मजबूती के साथ राष्ट्रीय हित में लागू करते जा रहे हैं जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण है सिटिजन अमेंडमेंट एक्ट जिसमें अफगानिस्तान,पाकिस्तान और बांग्लादेश से धार्मिक आधार पर प्रताड़ित होकर आए गैर मुसलमानों को भारत की नागरिकता देखकर उनके जीवन को सुगम सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने का काम मोदी सरकार ने किया है इस ऐतिहासिक कानून को लागू करने के लिए मोदी सरकार बधाई की पात्र है।
उक्त मंतव्य राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ बीजेपी नेत्री सीमा द्विवेदी ने कहा।
उन्होने आगे कहा कि मोदी सरकार देश में एक नए इतिहास का सृजन कर रही है जो अब तक की किसी भी सरकार ने एक ख़ास वर्ग के तुष्टिकरण की राजनीति करने के चलते करने की हिम्मत नहीं जुटा पाई थी।
राज्यसभा सदस्य ने कहा कि विपक्ष मिथ्या ढंग से शोर मचा रहा है और आरोप लगा रहा है कि मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी विभाजनकारी नीति पर चल रहे हैं और धार्मिक आधार पर देश का माहौल ख़राब कर रहे हैं,उनको मैं स्पष्ट कर देना चाहती हूं कि सिटीजन अमेंडमेंट एक्ट से किसी भी भारतीय खासकर मुस्लिम नागरिकों की कोई भी नागरिकता नहीं जाने वाली है ऐसे में मुस्लिम बन्धु विपक्षियों के प्रोपेगंडा और झूठ का शिकार न होकर विकास के मुद्दे पर मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी का साथ देकर विपक्ष की गन्दी राजनीति को नकारने का काम करें।
वरिष्ठ बीजेपी नेत्री ने कहा कि भारतवासी आज 10 वर्षों के दौरान मोदी सरकार के नेतृत्व में ख़ुद को सुरक्षित महसूस कर रहा है और विकास के उच्च पायदान पर चढ़ते जा रहा है,आज सारी दुनिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कार्यों से सर्वाधिक लोकप्रिय और ताकतवर नेता के स्थान पर पहुंच चुके हैं जो 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व का विषय है।
भाजपा सांसद ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में भारत देश के प्रबुद्ध मतदाता भारतीय जनता पार्टी को नरेंद्र मोदी की नेतृत्व में 400 से ऊपर लोकसभा की सीट देकर ऐतिहासिक रूप से विजयी बनाने का मन बना चुका है।
महाराष्ट्र के अमरावती संसदीय क्षेत्र से निर्दलीय लोकसभा सांसद नवनीत रवि राणा ने कहा कि आज प्रत्येक भारतवासी को अपने प्रधानमंत्री के ऊपर गर्व महसूस हो रहा है कि देश में CAA जैसे कानून ला रहे हैं कि जिससे दशकों से धार्मिक आधार पर पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से प्रताड़ित कर भगाए गए लाखों अल्पसंख्यक गैर मुस्लिमों को भारतीय नागरिकता डेकर उनको सभी संवैधानिक अधिकार और सुविधा दी जा सके।
निर्दलीय सांसद नवनीत रवि राणा ने कहा कि विपक्ष का काम ही है हर बात पर शोर शराबा और लोगों के बीच भ्रम फैलाना किन्तु अब देश के मुस्लिम बन्धु भी इनकी विघटनकारी और राष्ट्रविरोधी राजनीति बखूबी काम ओर समझ चुके हैं ।
सांसद ने दावा किया कि हर भारतीय को यह मालूम है कि पप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 140 करोड़ की जनता को अपना परिवार मानते है ओर देश को विकसित ओर ताकतवर बनाने के लिए अथक परिश्रम करते हैं। फायर ब्रांड नेत्री नवनीत रवि राणा ने उन राजनेताओं और कई प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों पर तंज कसा कि यह लोग कहते हैं कि अपने राज्य में इस कानून को नहीं लागू करेंगे,उनको यह मालूम होना चाहिए यह केंद्रीय कानून है और यह सभी राज्यों में समान रूप से लागू हो चुका है। CAA को लागू न करना संविधान और संघीय ढांचे का अपमान और उल्लंघन है।

जौनपुर सदर 73 लोकसभा सीट से बसपा सांसद श्याम सिंह यादव ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी फूट डालो राज करो कि नीति पर चल रही है, कुछ ही दिनों में लोकसभा चुनाव होने जा रहा है ऐसे में CAA कानून पुरे देश में लागू कर देना यह दिखाता है कि बीजेपी अपनी हार को लेकर डरी हुई है।
बसपा सांसद ने बताया कि जब वर्ष 2019 में सिटीजन एमेंडमेंट एक्ट लागू किया गया तो देश में इसका जबरदस्त विरोध किया गया था और संविधान में समानता के अधिकार को छीनने वाले इस कानून के खिलाफ़ उच्चतम न्यायालय में याचिका भी लंबित पड़ी हुई है, ऐसे में बिना कोई फ़ैसला आए इस कानून को आमचुनाव के चन्द दिनों पूर्व लागू करना यही दर्शाता है कि देश की जनता इनको आने वाले दिनों में केंद्रीय सत्ता से चलता करने जा रही है।
वहीं पूर्व सांसद और मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी की वरिष्ठ नेत्री वृन्दा करात ने केन्द्र सरकार द्वारा देश में CAA कानून लागू करने पर जोरदार विरोध करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने यह कानून संविधान के आर्टिकल 14 का घोर उल्लघन हैं, आर्टिकल 14 कहता है कि देश में धार्मिक आधार पर भेदभाव करने वाले और समानता को समाप्त करने वाले किसी भी कानून को लागू नही करना चाहिए किन्तु लोकसभा चुनाव को देखते हुए मोदी सरकार ने ध्रुवीकरण के ज़रिए सियासी फ़ायदा उठाने के लिए यह कानून लागू कर दिया।
पूर्व सांसद ने बताया कि जब इसके पहले CAA लाया गया तो देश की जनता ने जोरदार विरोध किया था खासकर अल्पंख्यको ने क्योंकी उनमें भय था कि आने वाले दिनों में इसी प्रकार से NRC भी लाई जा सकती है, ऐसे में जब उसी धरना प्रदर्शन के दौरान ही CAA के विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट में इस कानून की संवैधानिकता पर चुनौती दी गईं है और अभी तक कोई भी फ़ैसला नही आया है तो क्यों केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने हड़बड़ी में नोटिफिकेशन जारी किया।
माकपा नेत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शुरू से ही विभाजनकारी राजनीति कर हिन्दू मुस्लिम में खाई खोद कर सत्ता हासिल करने का काम करती रही है।
देश की जनता इनकी रीतियों नीतियों से त्रस्त हो उठी है, गरीब,किसान,पढ़ा लिखा नौजवान आज सभी वर्ग परेशान हाल हैं, देश आज भारी कर्ज़ में डूबता जा रहा है ऐसे में देश के असल मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए CAA कानून को लाया गया है।




