(मुकेश सेठ)
(मुंबई)
✓ यिडा के CEO डॉ अरुणवीर सिंह और फिल्मसिटी निर्माता बेव्यू भूटानी कम्पनी के आशीष भूटानी और प्रोड्यूसर बोनी कपूर ने किया समझौता
✓ फिल्म निर्माण के लिए सरकार से मिले अधिकतम सब्सिडी-बोनी कपूर
111 वर्ष के प्रौढ़ हो चुके भारतीय सिनेमा को विश्वस्तरीय सिनेमा के बराबर पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार फिल्म जगत की बड़ी हस्तियों को प्रदेश में सारी सुविधा देकर दुनियां की बड़ी फिल्म सिटी का निर्माण करने जा रही है।
जिससे मुम्बई के बाद उत्तर प्रदेश में भी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री को बढ़ावा देकर हजारों हजार लोगों को रोजी रोज़गार मिलने के साथ ही प्रदेश को भी भारी भरकम राजस्व की कमाई हो सके।
इसी के तहत यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर 21 में एक हजार एकड़ भूमि पर प्रस्तावित फिल्म सिटी के प्रथम खंड के निर्माण के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने आये प्रसिद्ध फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने विश्व की सर्वश्रेष्ठ फिल्म सिटी बनाने का दावा।
उनका जोर सरकार से अधिक से अधिक रियासत हासिल करने पर भी रहा।
यीडा के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह और फिल्म सिटी निर्माता कंपनी बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राईवेट लिमिटेड के कंसेनशायर बोनी कपूर व आशीष भूटानी ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए जिसके तहत यह फिल्म सिटी बनेगी। इसके लिए यीडा मुख्यालय पर एक शानदार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।फिल्म सिटी के प्रथम खंड का निर्माण 230 एकड़ भूमि पर होगा।1510 करोड़ रुपए से बनने वाले इस खंड में फिल्म शूटिंग की सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इसके साथ ही कलाकारों के रहने के लिए होटल, फिल्म म्यूजियम,फूड कोर्ट, सेट्स बनाने वाले कारीगरों सहित फिल्म शूटिंग के आवश्यक लोकेशन भी विकसित किए जाएंगे। रंगमंच और फिल्म निर्माण प्रशिक्षण केन्द्र भी बनेगा।यीडा सीईओ ने इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यीडा को विश्व की बेहतरीन फिल्म सिटी बनाने का दायित्व सौंपा था। आज वह महत्वपूर्ण दिन आ गया है जब देश की ही नहीं बल्कि विश्व की अनेक फिल्म सिटी से अच्छी फिल्म सिटी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया गया है।
फिल्म सिटी का निर्माण करने में अग्रणी भूमिका निभाने वाले बोनी कपूर ने मीडिया को बताया कि विश्व की सर्वश्रेष्ठ फिल्म सिटी बनाने के लिए वो कनाडा, अमेरिका, इटली आदि देशों की फिल्म सिटीज को खुद जाकर अध्ययन कर रहे हैं। अगले तीन चार महीने में आवश्यक आर एंड डी करने के बाद शीघ्र ही फिल्म सिटी का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने फिल्म निर्माण के लिए विभिन्न देशों में मिल रही सरकारी सहायता पर बहुत जोर दिया। उन्होंने बताया कि अलग-अलग देशों में फिल्म निर्माण के लिए कई स्तरों पर रियासत मिलती हैं। उनके द्वारा कही गई अधिकांश बातों का लब्बोलुआब यही था कि वो सरकार से अधिकतम रियायत हासिल करना चाहते हैं। गौरतलब है कि यह फिल्म सिटी पीपीपी मॉडल पर बनाई जाएगी। इसमें यीडा के द्वारा भूमि उपलब्ध कराई जाएगी जबकि विकासकर्ताओं द्वारा निर्माण व संचालन किया जाएगा। फिल्म सिटी से होने वाली आय में यीडा की 18 प्रतिशत हिस्सेदारी रहेगी।




