(आलोक तिवारी)
(मथुरा)
भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी में इन दिनों हर ओर “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंज रहे हैं। शिवभक्त कांवड़ लेकर सड़कों पर आस्था की अलख जगा रहे हैं। शिवरात्रि के पावन पर्व पर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
कांवड़िए पवित्र नदियों से जल भरकर पदयात्रा के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्र के शिवालयों तक पहुंच रहे हैं कि रविवार को पड़ने वाले महाशिवरात्रि पर महादेव का जलाभिषेक कर सके।
शहर की प्रमुख सड़कों पर केसरिया वस्त्रधारी श्रद्धालुओं की टोलियां भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों के साथ आगे बढ़ रही हैं। जगह-जगह सामाजिक संगठनों द्वारा शिवभक्तों के स्वागत हेतु शिविर लगाए गए हैं, जहां प्रसाद और जलपान की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने भी महाशिवरात्रि को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया है। संवेदनशील मार्गों पर पुलिस बल तैनात है और चिकित्सा टीमों को भी अलर्ट रखा गया है।
महाशिवरात्रि के दिन प्रातः काल से ही मंदिरों में जलाभिषेक और रुद्राभिषेक का क्रम शुरू होगा। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ भगवान शिव पर जल चढ़ाकर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
कृष्ण की नगरी में भक्ति और उत्साह का यह संगम शिवरात्रि तक निरंतर जारी रहेगा, जहां आस्था की गूंज हर गली और चौराहे पर सुनाई दे रही है।




