(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में सहर यूनुस शेख के विरुद्ध दर्ज कराई शिकायत
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा पूरा ठाणे शहर भगवा रंग में सराबोर है जबकि मुंब्रा ठाणे का ही है छोटा हिस्सा
मुंबई से सटे ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके में हाल ही में नगरपालिका चुनाव जीतकर नगरसेविका बनी AIMIM की महिला नेता सहर यूनुस शेख का एक बयान इन दिनों ज़बरदस्त राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है।
चुनाव जीतने के बाद दिए गए उनके बयान को लेकर सोशल मीडिया पर भारी नाराज़गी देखने को मिली, जिसके बाद यह मामला सियासी उबाल में बदल गया है।
बीजेपी ने इस बयान को आपत्तिजनक और भड़काऊ बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, वहीं पुलिस ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर इस पूरे विवाद पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री व शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है।
मुंबई से सटे ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके की नगरपालिका चुनाव जीतकर नगरसेविका बनी सहर यूनुस शेख कुछ दिनों से ज्यादा सुर्खियों में हैं।चुनाव के बाद दिए गए उनके एक बयान ने ऐसा राजनीतिक बवाल खड़ा किया कि मामला सीधे पुलिस थाने तक पहुंच गया।
उनका बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और विवाद बढ़ता देख सहर यूनुस शेख को पुलिस के सामने सफाई देनी पड़ी।
मामला तूल पकड़ता देख सहर यूनुस शेख ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उनकी पार्टी का रंग हरा है इसी संदर्भ में उन्होंने यह बात कही थी।अगर पार्टी का रंग कुछ और होता, तो शब्द भी अलग होते।
सहर यूनुस शेख के बयान पर महाराष्ट्र बीजेपी ने भी कड़ा रुख अपनाया है। पूर्व सांसद बीजेपी नेता किरीट सोमैया सीधे मुंब्रा पुलिस थाने पहुंचे और उन्होंने इस बयान को गंभीर और भड़काऊ बताते हुए शिकायत दर्ज कराई।
किरीट सोमैया ने कहा कि “मुंब्रा को हराना” जैसे शब्दों के मायने जांचे जाने चाहिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंब्रा पुलिस थाने ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है।मुंब्रा पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 168 के तहत नोटिस जारी किया है।नगरसेविका सहर यूनुस शेख का बयान दर्ज कर लिया गया है और दिए गए बयान की जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई तय की जाएगी।
इस पूरे मामले पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी बयान दिया है।उन्होंने कहा कि पूरा ठाणे शहर भगवा रंग में सराबोर है मुंब्रा तो ठाणे शहर का ही एक छोटा सा हिस्सा है।ऐसे में उसे “हरा” कहने का सवाल ही नहीं उठता।उन्होंने सहर यूनुस शेख के बयान को पूरी तरह गलत बताया।
इस पूरे राजनीतिक विवाद के बीच सबसे बड़ा सवाल स्थानीय विधायक जितेंद्र आव्हाड की चुप्पी को लेकर है।अब तक उन्होंने इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।हालांकि जिस तरह से बयान पर सियासत तेज़ हो रही है,उसे देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह मामला और गर्मा सकता है।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है और सभी की नजर आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।




