★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
मुंबई भाजपा अध्यक्ष/ विधायक एड.आशीष शेलार ने बताया प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले के नेतृत्व में मुम्बई की सभी 6 लोकसभा क्षेत्रों में होगा आंदोलन
मुम्बई अध्यक्ष नें उद्धव ठाकरे के बाबत कहा कि जिनका नागरिक शास्त्र का ज्ञान कम है उन्हें लोकतंत्र की बात नही करनी चाहिए
♂÷सूरत के सेशन्स कोर्ट द्वारा काँग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य राहुल गाँधी के द्वारा कुछेक वर्ष पूर्व मोदी उपनाम पर अनुचित टिप्पणी के मामलें में सजा सुनाने पर राजनीति गर्मा गयी है।
भारतीय जनता पार्टी नें हमलावर रुख़ अख्तियार करते हुए काँग्रेस नेता पर ओबीसी विरोधी होने का तमगा चस्पा करते हुए कहा कि वह शनिवार को मुम्बई की सभी 6 लोकसभा क्षेत्रों में प्रदेश अध्यक्ष बावनकुले के नेतृत्व में राहुल गांधी के द्वारा ओबीसी के अपमान करने के विरोध में आंदोलन करेगी।
आज मुम्बई में बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय में मुम्बई अध्यक्ष व विधायक एड.आशीष शेलार ने प्रेसवार्ता में कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ओबीसी समुदाय का अपमान किया है हम उसकी निंदा करते हैं। राहुल गांधी के बयान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी 25 मार्च शनिवार को पूरे राज्य में आंदोलन करेगी।
मुंबई के सभी छह लोकसभा क्षेत्रों में आंदोलन का नेतृत्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले करेंगे और साथ ही भाजपा के सभी नेता,बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ राज्य भर में किए जाने वाले आंदोलन में भाग लेंगे।
उन्होंने आगे कहा राहुल गांधी का बयान ओबीसी समुदाय का अपमान करने के लिए था। इसके खिलाफ ओबीसी समुदाय ने कोर्ट में जाकर दावा दायर किया था। अदालत ने न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद राहुल गांधी को सजा सुनाई है। संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद राहुल गांधी को दोषी ठहराया गया था,सजा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के अनुसार है।
मुम्बई अध्यक्ष ने कहा राहुल गांधी ने विदेशी धरती पर हमारे देश को बदनाम किया इसे भारतीय जनता पार्टी कत्तई स्वीकार नहीं करेगी और इसलिए राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए।हम ओबीसी समुदाय को बदनाम करने वाले को बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसके विरोध में हम प्रदेश भर में आंदोलन करेंगे। मुंबई के छह लोकसभा क्षेत्रों में जोरदार आंदोलन किया जाएगा। आम लोगों के मन में भी गुस्सा है। विधायक आशीष शेलार ने सभी से विदेशी भूमि पर भारत को बदनाम करने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ विरोध करने का आग्रह किया।
पूर्व मुख्यमंत्री व शिवसेना उद्धव बाला साहेब ठाकरे प्रमुख उद्धव ठाकरे के बारे में पूछे जाने पर विधायक एड.शेलार ने कहा कि जिनका नागरिक शास्त्र का ज्ञान कम है उन्हें लोकतंत्र की बात नहीं करनी चाहिए। नागरिक शास्त्र, एक विषय के रूप में है उसे एक फोटो कैमरे से नहीं सीखा जा सकता है। इसका अध्ययन खुली आंखों से करना होगा। उद्धव ठाकरे खुद लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ बात कर रहे हैं। रामभाऊ म्हालगी उद्धव ठाकरे को सिखाने के लिए तैयार हैं, वास्तव में उन्हें प्रशिक्षण की आवश्यकता है।
उन्होंने आगे कहा ओबीसी समुदाय को बदनाम करना और उनका अपमान करना वास्तव में एक अपराध है और उद्धव ठाकरे को दुर्भाग्य से इसकी जानकारी नहीं है। उन्हें इसके बारे में खुद को शिक्षित करना चाहिए या हमसे ट्यूशन लेना चाहिए।
भारतीय संविधान के अनुसार अगर किसी समुदाय की मानहानि होती है तो उस समुदाय के किसी भी व्यक्ति को उसके खिलाफ कोर्ट जाने का अधिकार है और उद्धव ठाकरे को इस प्रावधान के बारे में जानकारी नहीं है और इसलिए उन्हें हमसे प्रशिक्षण की आवश्यकता है। उन्हें यह भी पता नहीं लगता कि अदालत का फैसला सभी पर बाध्यकारी है। साथ ही अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद संसद में पारित कानून संविधान के अनुसार लागू हो जाता है। हम उद्धवजी ठाकरे को नागरिक शास्त्र की पाठ्यपुस्तक भी भेजेंगे। संविधान के प्रावधानों की जानकारी के बिना कुछ भी बोलना उनके लिए अनुचित है।




