(मुकेश सेठ)
(मुंबई)
√ सीटू कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह विरोध प्रदर्शन कर मनाया मांग दिवस, केंद्र व प्रदेश सरकार को भेजा ज्ञापन
गौतमबुद्धनगर की सी.आई.टी.यू. ने आज बुधवार को पूरे देश के मेहनतकशों की मांगों पर देशव्यापी मांग दिवस मनाने का आह्वान किया था।जिसके तहत गौतम बुध नगर में विभिन्न वेंडिंग जोन/ बाजारों /कार्य स्थलों एवं औद्योगिक संस्थानों के गेटों पर विरोध प्रदर्शन कर मांग दिवस मनाया गया।
सीटू से जुड़ी विभिन्न यूनियनों के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय सूरजपुर ग्रेटर नोएडा पर विरोध प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित ज्ञापन दिया। ज्ञापन एसडीएम वेद प्रकाश ने लिया।
प्रदर्शनकारियों को सीटू जिलाध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा, जिला सचिव रामस्वारथ, अनमोल एम्पलाइज यूनियन ग्रेटर नोएडा के नेता मुकेश कुमार राघव, सुखलाल, वाइब्रोकास्टिक इंप्लाइज यूनियन के नेता विकास कुमार, हुकम सिंह, सुनील पंडित, सुदेश राघव, बीएचईएल नेता रणजीत सिंह, अंबुजा सीमेंट कंपनी के नेता पारस रजक आदि ने संबोधित किया।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए गंगेश्वर दत्त शर्मा ने बताया कि केंद्र में फिर से भाजपा सरकार आने के बाद लोकसभा चुनाव में अपने पूंजीपति मित्रों से ली गई मदद चुनाव बाद आमजन के लिए भारी पड़ रही है, दूध, आलू, प्याज, टमाटर और सब्जियों के दाम दुगने हो गए हैं यह सब आम जनता की जेब काटकर पूंजीपतियों की जेब भरने का काम किया जा रहा है तथा मजदूर विरोधी चार मजदूर कोड को सरकार ने लागू करने की मंशा जाहिर किया है जिसे लागू होने से मजदूर पूरी तरह पूंजी पतियों के गुलाम बनकर रह जाएंगे।
उक्त हालातो से सरकार को मैसेज देने के लिए आज मांग दिवस मना कर सरकार को चेतावनी दी गई है कि यदि सरकार मजदूर विरोधी लेबर कोड को लागू करेगी तो पूरे देश में बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। पथ विक्रेता कर्मकार यूनियन की अध्यक्ष पूनम देवी व यूनियन नेता हरी गुप्ता, रोहतास आदि ने बताया कि सीटू के फैसले के अनुसार पथ विक्रेताओं ने भी जगह जगह विरोध प्रदर्शन कर अपनी मांगों से शासन प्रशासन को संदेश दिया है।




