★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
धरना स्थल पर किसान सभा और राष्ट्रीय लोक दल ने संयुक्त रूप से पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की मनाई पुण्यतिथि
2 जून को युवाओं को समर्पित रहेगा धरना प्रदर्शन
♂÷ आज 29 मई को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि थी।
राष्ट्रीय लोक दल और किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने 35 दिनों से ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के पास जारी धरना स्थल पर ही चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि मनाई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने चौधरी चरण सिंह के छाया चित्र पर माल्यार्पण कर उनको नमन किया।
किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह का जीवन किसानों की भलाई के लिए समर्पित रहा। चौधरी साहब ने जमीदारी उन्मूलन सहित कई कानून किसानों के पक्ष में पास कराए थे, जिनसे किसानों की स्थिति में भारी परिवर्तन आया है।
नागर ने कहा चौधरी साहब ने धर्मनिरपेक्ष राजनीति की स्थापना की थी,चौधरी साहब ने अपने कार्यकाल में मंडल आयोग का गठन कर पिछड़ों के आरक्षण का रास्ता भी खोला था।चौधरी चरण सिंह सामाजिक न्याय के पक्षधर थे और किसान जातियों को राजनीति में लाकर उन्होंने किसानों की राजनीतिक चेतना का विकास किया।

सतीश यादव ने चौधरी चरण सिंह पर अपनी कविता भी पेश की। धरने पर अजीत दौला, जनार्दन भाटी, इंद्रवीर एडवोकेट, गवरी मुखिया,सूबेदार ब्रह्मपाल, किसान सभा के जिला अध्यक्ष नरेंद्र भाटी, सुरेश यादव, भीम सिंह प्रधान, राजीव नागर, महाराज सिंह प्रधान, डॉ शैलेश, संदीप भाटी,बुध पाल यादव, निशांत रावल, सुधीर रावल, मदनलाल, मोहित भाटी, जयवीर नागर ,निरंकार प्रधान ने अपने विचार प्रकट किए।
ज्ञान त्यागी ने प्राधिकरण को चेतावनी देते हुए कहा कि जिस तरह किसानों ने हजारों की संख्या में ट्रैक्टर रैली निकालकर अपनी ताकत का इजहार किया था उसी तरह 6 जून को किसान बड़ी संख्या में डेरा डालने के लिए प्राधिकरण पर आ रहे हैं।
किसान सभा के प्रवक्ता डॉ रुपेश वर्मा ने उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि अबकी बार किसान आर पार की लड़ाई के मूड में है क्योंकि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जागरूकता आ गई है।आगामी 2 जून को युवाओं को समर्पित धरना प्रदर्शन किया जाएगा जिसमें हजारों की संख्या में क्षेत्र के युवा हिस्सा लेंगे और युवा रोजगार की नीति को लेकर अपना धरना करेंगे।जिसका संचालन भी युवा ही करेंगे, युवा पूरे क्षेत्र में अभियान चलाकर 2 जून के धरने की तैयारी कर रहे हैं।

प्रकाश प्रधान सिरसा ने कहा कि 45 गांव के किसान 10% आबादी प्लाट, आबादी लीजबैक, सर्कल रेट का 4 गुना मुआवजा, 40 मीटर का भूमिहीनों का प्लाट रोजगार के नीति एवं अन्य मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं जब तक सभी मुद्दे हल नहीं होंगे किसानों का धरना चलता रहेगा।
धरने की अध्यक्षता शांति देवी व संचालन सतीश यादव ने किया।




