★आलोक तिवारी★
★मथुरा★
गोवर्धन परिक्रमा मार्ग से बुल्डोजर के जरिये ध्वस्त किया गया अतिक्रमण, एसडीएम ने दी चेतावनी की दुबारा अतिक्रमण करने पर होगी विधिक कार्यवाही
♂÷गिरिराज परिक्रमा मार्ग में एसडीएम के निर्देशन में कच्चे पथ से अवैध अतिक्रमण हटवाया गया। इसमें वर्षों से अतिक्रमण जमाए लोगों को सख्त चेतावनी दी गई। परिक्रमा मार्ग में अतिक्रमण करने वालों के तख्ता पट्टा जब्त कर लिए। एसडीएम दीपिका मेहर के निर्देशन में नगर पंचायत कर्मियों ने परिक्रमा मार्ग के दानघाटी से लेकर पूंछरी राजस्थान बॉर्डर तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। वर्षों से जमे पड़े अस्थाई अतिक्रमण बुलडोजर से ध्वस्त करवा दिए। दुकानदारों ने सड़क पर अस्थाई दुकानें लगा कर मार्ग अवरूद्ध कर रखा था। पुरातन संकर्षण कुंड के आस पास का क्षेत्र अतिक्रमण की चपेट में था, अतिक्रमण के कारण कुंड अस्तित्वहीन नजर आ रहा था। एसडीएम ने सख्ती के साथ अतिक्रमण हटवाया। दुकानदारों में हड़कंप मच गया। पंचायत कर्मियों ने अवैध अतिक्रमण कर रहे तमाम सामान को जब्त कर लिया। एसडीएम ने कहा कि परिक्रमा मार्ग में अतिक्रमण हटवाकर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दे दी गई है कि अगर पुनः अतिक्रमण मिला तो सख्त विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। इस मौके पर सीओ राम मोहन शर्मा, अधिशासी अधिकारी डिप्टी कलेक्टर डॉ. कंचन गुप्ता, थाना प्रभारी ओमहरि बाजपेयी, नानक चंद आदि मौजूद रहे।



