(राजेश बैरागी)
(गौतम बुद्ध नगर)
√ दोनों देशों के सहयोग से मेडिकल डिवाइस पार्क में लगेंगी आधुनिक इकाई
यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) में बनाए जा रहे मेडिकल डिवाइस पार्क में मेडिकल क्षेत्र में कार्यरत जापानी कंपनियां भी आगामी समय में अपनी यूनिट लगा सकती हैं। इसी उद्देश्य से जापान की एक बड़ी संस्था मेडिकल एक्सीलेंस जापान(एमईजे) का एक प्रतिनिधिमंडल कल यीडा पहुंच रहा है।
यीडा के विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया ने बताया कि मेडिकल क्षेत्र की वैश्विक ख्याति प्राप्त संस्था मेडिकल एक्सीलेंस जापान का छः सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल संस्था के चेयरमैन डॉ केनजी सिबुआ के नेतृत्व में यीडा आ रहा है।यीडा अधिकारी इस प्रतिनिधिमंडल को सबसे पहले प्राधिकरण क्षेत्र में चल रही बड़ी परियोजनाओं तथा मेडिकल डिवाइस पार्क की विशेषताओं से अवगत करायेंगे। तत्पश्चात प्रतिनिधिमंडल को मेडिकल डिवाइस पार्क का दौरा कराया जाएगा।
भाटिया ने जापानी प्रतिनिधिमंडल के दौरे से मेडिकल डिवाइस पार्क में विश्वस्तरीय मेडिकल डिवाइस यूनिट लगने की संभावना जताई है।




