(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
✓ पूर्व में मेरा राजनीतिक जुड़ाव जिनसे रहा वहां विचारधारा की बजाय हिंदुत्व और भाजपा का विरोध ही प्रमुख था कहा पूर्व गृहराज्यमंत्री ने
✓ पूर्व में दिए गए वक्तव्यों से अनेक देशभक्त और हिंदुत्व प्रेमियों को कष्ट हुआ होगा इसके लिए मैं क्षमाप्रार्थी हूं उद्गार व्यक्त किया कृपाशंकर सिंह ने
बीते आमचुनाव चुनाव में भाजपा ने मुझे जौनपुर लोकसभा सीट 73 से उम्मीदवार बनाकर एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इस भरोसे के लिए मै प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का हृदय से आभारी हूँ।
उक्त उद्गार बीजेपी प्रत्याशी रहे महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने व्यक्त करते हुए आगे कहा कि सभी यह जानते हैं कि पूर्व में मेरा राजनीतिक जुड़ाव जिनसे रहा वहाँ विचारधारा की बजाय हिन्दुत्व और भाजपा विरोध का स्वर ही प्रमुख था।
नकारात्मकता की उस घुटनभरी राजनीति से मैं अब बाहर निकल आया हूँ जो अतीत में मुझ जैसे सामान्य नेताओं पर भी अत्यधिक दबाव बनाती थी। और मुझ जैसे अनेक नेताओं को भी दिग्विजय सिंह और पी चिदंबरम जैसे बड़े नेताओं और हाईकमान के दबाव में अपनी अंतरात्मा के विरूद्ध जाकर भी अनेक काम करने पड़ते थे । वे हमारा मोहरों की तरह इस्तेमाल करते थे ।
बीजेपी नेता ने कहा कि उस राजनीति से फैलती कटुता पूरे समाज के लिए और वहां भीतर का माहौल मुझ जैसे जमीन से जुड़े नेता के लिए वास्तव में असहनीय था।
अब मैं जन सरोकारों से कटी और परिवारवाद को आगे रखने वाली उस राजनीति से बाहर निकल आया हूं।
पूर्व में दिए मेरे कुछ वक्तव्यों से स्वाभाविक ही अनेक देशभक्त और हिन्दुत्व प्रेमी बंधुओं को कष्ट हुआ होगा । मैं उसके लिए हृदय की अंतरतम् गहराइयों से क्षमा माँगता हूँ ।
आज मैं विश्वासपूर्वक एक बात कह सकता हूँ कि हिंदू समाज अथवा इस महान राष्ट्र के विरोध की अंशमात्र कल्पना भी मेरे हृदय में कभी नहीं रही।
केवल विरोध और नकारात्मकता पर टिकी उस उकसाने वाली राजनीति के कारण यह सब हुआ । उस से बाहर आकर मैं स्वयं राहत का अनुभव कर रहा हूँ।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ देश को विश्वगुरु और आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिए हम सभी को मतभेद भुलाकर अनवरत काम करने की जरूरत है।




