(मुकेश सेठ)
(मुंबई)
√ मानखुर्द में संजोग देवस्थान प्राण प्रतिष्ठापना और लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री नें कहा कि प्रभु श्रीराम हैं राष्ट्र नायक
मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम हमारे राष्ट्र नायक हैं और मुझे प्रसन्नता है कि आज राम नवमी के अवसर पर उनका दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
यह उद्गार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मानखुर्द में संजोग को ऑपरेटीव हाउसिंग सोसाइटी में आयोजित संजोग देवस्थान प्राण प्रतिस्थापन और लोकार्पण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किया।
उन्होंने आगे कहा कि इंसान के जीवन के आदर्श और नैतिक मूल्य क्या होने चाहिये इसे हमें प्रभु श्रीराम के जीवन से ग्रहण करना चाहिए, उनका समूचा जीवन उच्चतम नैतिक मूल्यों और प्रत्येक के प्रति जिम्मेदार कर्तव्यों से समझा जा सकता है।

मुख्यमंत्री नें कहा कि श्रीराम, भगवान विष्णु के अवतार थे वह चाहते तो उस युग के सर्वाधिक बलशाली रावण को असानी से मार सकते थे किंतु उन्होंने समाज के छोटे छोटे लोगों को एक साथ लेकर उनमें साहस और संघर्ष की भावना जागृत कर रावण का नाश किया।
मुख्य अतिथि नें कहा कि रामायण की शिक्षा हमें यह सिखाती है कि असत्य कितना भी बड़ा राक्षस क्यों न हो किंतु सत्य मार्ग पर चलने वाले उसका सर्वनाश कर देते हैं।

समारोह में प्रमुख रूप से भाजपा विधायक प्रवीण दारकेकर, भाजपा मीडिया प्रमुख नवनाथ बान, मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष सिद्धिविनायक मन्दिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी, मुंबई तरुण भारत के संपादक किरण शेलार और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।