(मुकेश सेठ)
(मुंबई)
√ तड़के 3 बजे से ही सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद,DGP प्रशांत कुमार के साथ वॉर रूम में बैठकर ले रहे पल पल की खबर
मौनी अमावस्या के दिन मची भगदड़ में हुई श्रद्धालुओं की मौतों और विपक्षी दलों के समेत कई धर्माचार्यो के निशाने पर आये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बसंत पंचमी के दिन होने वाले स्नान को लेकर देर रात से ही कंट्रोल रूम में बैठ कमान संभाली। मालूम हो कि आज सोमवार को बसंत पंचमी अवसर पर अमृत स्नान के लिए करोड़ो श्रद्धालु संगम में पुण्य की डुबकी लगाएंगे।
ऐसे में व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रातः साढ़े तीन बजे से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सरकारी आवास स्थित वॉर रूम में प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेक प्रशांत कुमार के साथ जमे रहे और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के साथ लगातार पल पल की खबर प्राप्त किए और आवश्यक निर्देश देते रहें।
मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण आयोजन की सुरक्षा और व्यवस्था के संदर्भ में पूरी स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की कोई भी असुविधा न हो और सभी श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा प्रदान की जाए।
योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्नान स्थल पर पूरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें और श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे करें। साथ ही, उन्होंने आस्था के इस महान पर्व पर प्रशासन की तत्परता को बढ़ाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित किया, ताकि हजारों श्रद्धालुओं को बिना किसी समस्या के संगम में स्नान का लाभ मिल सके।




