(मुकेश सेठ)
(मुंबई)
तीन दिवसीय दौरे पर चीन पहुंचने पर डिप्टी पीएम को मंत्री के बजाय जूनियर अधिकारी ने किया रिसीव और एयरपोर्ट से बस में बिठाकर ले गए बाहर
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के द्वारा डिप्टी पीएम की यात्रा को X पर पोस्ट करते ही पाकिस्तानी यूज़र कह रहे कि”ऐसे ही ली जाती है हमारी इज़्ज़त”
भारत के द्वारा पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान में आतंकवादियों के अड्डों और कई एयर बेस पर किए गए जबरदस्त सैन्य अभियान से दहले पाकिस्तान के डिप्टी पीएम व विदेश मंत्री इशाक डार चीन के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे। पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री की दौरे की शुरुआत अपमानजनक रही।
चीन की राजधानी बीजिंग के एयरपोर्ट पर उनका स्वागत बेहद फीका रहा, जहां कोई बड़ा मंत्री या सीनियर चीनी अधिकारी डिप्टी पीएम की आगवानी में नहीं पहुंचा।
मौके पर सिर्फ कुछ जूनियर अधिकारी मौजूद थे, जिसके चलते पाकिस्तानी आवाम सोशल मीडिया पर उपप्रधानमंत्री डार की जमकर खिल्ली उड़ाई जा रही है।
बता दें कि हाल ही में कुछ ऐसी खबरें आई थीं कि भारत के साथ सीजफायर के लिए पाकिस्तान के अमेरिका के पास जाने की वजह से चीन नाराज है।
इशाक डार के चीन पहुंचने का वीडियो पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने X पर पोस्ट किया तो सोशल मीडिया पर हलचल मच गई। पाकिस्तान के सोशल मीडिया यूजर्स ने अपने डिप्टी पीएम को चीन द्वारा रिसीव किए जाने के तरीके पर निशाना साधना शुरू कर दिया। एक यूजर ने कहा कि ‘ऐसे ही हमारी इज्जत ली जाती है।’
दरअसल, पाकिस्तानी डिप्टी पीएम को रिसीव करने के बाद चीनी अधिकारी उन्हें बस में बिठाकर एयरपोर्ट के बाहर ले गए, जबकि आमतौर पर विदेशी मेहमानों को कार मुहैया कराई जाती है। कुछ यूजर्स मौके पर रेड कार्पेट न होने को लेकर भी सवाल करते नजर आए।




