(मुकेश सेठ)
(मुंबई)
√ कैबिनेट मंत्री व मुंबई के पालक मंत्री लोढ़ा नें कहा कि मंडलो को आधे दर पर मिलेंगे बीएमसी के मैदान और फायर ब्रिगेड फ़ीस होगा निःशुल्क
√ मंत्री की पहल और बीजेपी उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी के आयोजन में बीएमसी मुख्यालय में हुई बैठक
महाराष्ट्र शासन में कैबिनेट मंत्री व मुंबई उपनगर के पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की पहल पर आज मुंबई नगर निगम के मुख्यालय में सभी रामलीला मंडलों को अपने मुद्दे उठाने के लिए एक मंच दिया गया।
इस बैठक में मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कुछ अहम घोषणाएं कीं, जिससे रामलीला महोत्सव का आयोजन काफी आसान हो जाएगा।
इस बैठक का आयोजन भाजपा मुंबई उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी द्वारा किया गया।
बैठक में रामलीला मंडलों को लगातार पांच वर्षों तक अनुमति देने का निर्णय लिया गया,साथ ही फायर ब्रिगेड, पुलिस की अनुमति के लिए सिंगल विंडो सिस्टम, ऑनलाइन सिस्टम की सुविधा भी रामलीला मंडलों को मिलेगी।
फायर ब्रिगेड शुल्क भी माफ कर दिया गया है और मुंबई नगर निगम के मैदान का किराया की दर पूर्व के अपेक्षा पचास प्रतिशत कम कर दिया गया।
इसके अलावा इन मैदानों में आनेवाले श्रद्धालुओं के लिए नगर निगम द्वारा बुनियादी सुविधाएं, प्रकाश योजना और शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध करायी जायेगी।
इस अवसर पर बोलते हुए पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा, “हमने आज बैठक में उपस्थित सभी रामलीला मंडलों की समस्याओं को सुना है और हम उनकी मांगों पर सहमत हुए हैं। भव्य आयोजन के बाद से सभी त्योहार बिना किसी प्रतिबंध के साथ मनाए जाते हैं। महायुती की सरकार आई तब से, सभी उत्सव धूमधाम से मनाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमने यह निर्णय लिया है कि जिस प्रकार गणेशोत्सव मंडलों को सभी सुविधाएं दी जाती हैं, उसी प्रकार रामलीला मंडलों और नवरात्रि मंडलों को भी सभी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।”