(आलोक तिवारी)
(मथुरा)
वृंदावन रामलीला कमेटी के तत्वाधान में तृतीय रामलीला महोत्सव का आयोजन 15 अक्टूबर से प्रारंभ होगा। श्री रंगनाथ मंदिर के बड़ा बगीचा स्थित मैदान में आयोजित होने वाले रामलीला महोत्सव को भव्य और दिव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए आयोजक समिति द्वारा तैयारिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में स्थानीय एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्थापक अध्यक्ष आलोक बंसल ने बताया कि वृंदावन धाम में रामलीला महोत्सव के आयोजन का इतिहास सवा सौ साल से भी पुराना है।
लेकिन पिछले कुछ वर्षों में कतिपय कारणों से रामलीला महोत्सव आयोजन नही हो पा रहा था लेकिन नगरवासियों के सहयोग और उत्साह से रामलीला कमेटी द्वारा पिछले तीन वर्षो से पुनः प्रयास किया गया है। जो अब समय के साथ नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इस वर्ष आदर्श रामलीला मंडल के पवन देव चतुर्वेदी के निर्देशन में अनुभवी पात्रों द्वारा 15 अक्तूबर से रामलीला मंचन किया जायेगा। उपाध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 15 अक्टूबर को श्री गणपति पूजन, मुकुट पूजन और श्री राम जन्म से होगा। इसी क्रम में 18 अक्तूबर को राम बारात, 25 अक्तूबर को रावण दहन लीला और 26 अक्तूबर को लोई बाजार में राम भरत मिलाप लीला का आयोजन किया जाएगा।
इस बार राम बारात संयोजक पवन गौतम को बनाया गया है। व्यवस्थापक योगेश द्विवेदी ने बताया कि श्री रामलीला का मंचन जीवन में मर्यादा का कितना महत्व है यह सिखाता है। महामंत्री अनिल गौतम ने बताया कि इस बार रामलीला में राज्याभिषेक के बाद लव कुश लीला का भी मंचन किया जायेगा। पत्रकार वार्ता में कोषाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण दीक्षित, उप मंत्री अजय अग्रवाल,संयोजक अलौकिक शर्मा,शुभम अग्रवाल, बंसी तिवारी आदि उपस्थित रहे।