(मुकेश सेठ)
(मुंबई)
√ रविवार को गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन,प्राधिकरण के साथ हुई बातचीत में मुद्दे का हल न निकलने पर किसान संगठन का दिल्ली कूच का फैसला
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 2 दिसम्बर को दिल्ली कूच से पहले आज रविवार की सुबह 11 बजे संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं की डीएम, पुलिस कमिश्नर तथा नोएडा, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ और यमुना प्राधिकरण की ऑफिशिएटिंग सीईओ के साथ वार्ता विफल रही।
पहले से प्रस्तावित वार्ता के विफल हो जाने से पूर्व घोषित 2 दिसंबर को दिल्ली कूच सफ़ल बनाने के लिए किसान नेताओं ने काम करना शुरू कर दिया है।
ज्यादातर संगठन सोमवार को दिन में 12 बजे महामाया फ्लाईओवर और कुछ संगठन कल सुबह 9 बजे यमुना प्राधिकरण पर अपनी ट्रैक्टर ट्रालियों और गाड़ियों में सवार होकर यमुना प्राधिकरण से महामाया फ्लाईओवर 12 बजे तक पहुंचेंगे और वहां से एक साथ दिल्ली कूच करेंगे।
संयुक्त किसान मोर्चा लंबे समय से 10% प्लॉट, 64.7% मुआवजा तथा नए भूमि अधिग्रहण कानून के अनुसार बाजार दर का 4 गुना मुआवजा, 20% प्लॉट दिए जाने और भूमिधर, भूमिहीन किसानों के सभी बच्चों को रोजगार तथा पुनर्वास के सभी लाभ ,आबादियों का निस्तारण किए जाने की मांग को लेकर किसानों द्वारा 25 नवम्बर को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर विशाल किसान महापंचायत कर शुरू किया गया था।
इस आन्दोलन में पहले 3 दिन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर किसानों का महापड़ाव रहा तत्पश्चात फिर से आज तक 4 दिन यमुना प्राधिकरण पर महापड़ाव रहा।
मोर्चा की ओर से बताया गया है कि उक्त मांगों को लेकर एस.के.एम. में शामिल सभी दर्जनों किसान संगठनों ने मिलकर संकल्प लिया है कि अबकी बार आर पार का आन्दोलन है और वह किसानों की मांगें पूरी कराकर ही दिल्ली से वापस लौटेंगे।
भाकियु टिकैत, भाकियु महात्मा टिकैत भाकियु अजगर, भाकियु कृषक शक्ति,भारतीय किसान परिषद, अखिल भारतीय किसान सभा, किसान एकता परिषद, किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा, जय जवान जय किसान मोर्चा, सिस्टम सुधार संगठन आगरा तथा अन्य सभी किसान संगठन सुबह 9 बजे यमुना प्राधिकरण पर इकट्ठा होकर 10 बजे महामाया फ्लाईओवर जाएंगे तथा 12 बजे वहां से एक साथ दिल्ली संसद भवन का घेराव करने के लिए कूच करेंगे।