लेखक~डॉ.के. विक्रम राव
♂÷पड़ोसी बैंगकॉक (थाईलैंड) में ग्यारह छोटे परस्पर-विरोधी राजनीतिक दलों ने कल (22 अगस्त 2023) एक वक्ती गठबंधन रचा है और सरकार बनाने का दावा पेश किया है।
सम्राट महा वाचिरालोंगकोन शायद उनके नेता श्रेष्ठा थावसिन को प्रधानमंत्री बनने का मौका दे भी दें, थाई महाराज अपने को राम दशम (अयोध्या वंशवाले) मानते हैं। मगर यह बेमेल महागठबंधन भारत की अठारहवीं लोकसभा के चुनाव (2024) की दृष्टि से खराब दृष्टांत होगा, सिर्फ सत्ता के लिए पैंतरेबाजी जैसा ! दृष्टि केवल राष्ट्रीय संसाधनों की लूट पर गड़ी रहेगी तिजोरी की चाभी पर ऐसा हो चुका है जब गत मई माह में थाईलैंड में संसदीय चुनाव हुए थे। तब 42-वर्षीय विपक्षी नेता पिटा लिमजारोएनराट देश के प्रधानमंत्री बनने वाले थे। उनकी “मूव फॉरवर्ड पार्टी” (आगे बढ़ो दल) संसदीय चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। लिमजारोएनराट ने अपने आधिकारिक ट्विटर पर कहा भी था कि वे थाईलैंड के 30वें प्रधानमंत्री बनने के लिए तैयार हैं। गौरतलब है कि इस दल को थाई मतदाताओं ने उनको स्पष्ट जनादेश दिया था मगर लोकतंत्र-समर्थक को सत्तारूढ़ सैन्य-समर्थित सरकार ने पिछाड़ दिया था।
चुनाव जीतने वाली पार्टी के नेता होकर भी पिटा लिमजारोएनराट प्रधानमंत्री नहीं बन पाए,उनकी उम्मीदवारी को ही राजाज्ञा द्वारा पाबंद कर दिया गया। थाईलैंड की संसद ने मई के आम चुनाव में पहले स्थान पर रहने वाली प्रगतिशील “मूव फॉरवर्ड पार्टी” के नेता की दूसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्ति के प्रस्ताव के खिलाफ इस गठबंधन को वोट दिया।
हालांकि पिटा लिमजारोएनराट ने प्रतिनिधि सभा में अधिकांश सीटों पर जीतने वाली पार्टियों का एक अलग गठजोड़ बनाया था।
इस पूरे नजारे में विडंबना यह है कि ग्यारह दलों ने एक चलताऊ गठजोड़ बनाकर इस सबसे बड़ी संसदीय दल “फियू थाई पार्टी” के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया। सबसे अधिक संसदीय सीटे जीतने पर भी युवा नेता पिटा को सेना के दबाव में सम्राट ने आमंत्रित नहीं किया बल्कि नामित किया साठ-वर्षीय बिल्डर व्यापारी श्रेष्ठा थावसिन को जिनकी छवि भू-माफिया सरीखी है,
उसे सेना का समर्थन भी प्राप्त है। गत माह ही एक सांसद चुबिट कामोल बिसिट ने जांच की मांग की थी कि सांसिरी नामक निजी कंपनी के मालिक श्रेष्ठा थावसिन ने बड़ी मात्रा में कर चोरी की है, रिश्वतखोरी भी।सरकार बनाने के दावेदार चान ओचा जो अभी रक्षा मंत्री है ने सेना का समर्थन थावसिन को दे दिया। उन्होंने 2014 में सैनिक षड्यंत्र कर सत्ता हथियाई थी आज वे भी इस नए गठजोड़ में शरीक हैं।
इस गठजोड़ में विशेष भूमिका है सलांग पार्टी की जो 2014 के सैनिक षड्यंत्र में भागीदार थी। लोकतंत्र-समर्थक सांसदों को कैद करने में कारगर रही उसके नेता प्रयुत भी प्रधानमंत्री पद के दावेदार हैं।
इस सारे सत्ता-रेस में दारोमदार महाराजा पर है जो वंशानुगत ही होता है। वर्तमान सम्राट महा वाचिरालोंगकोन स्पष्टतया सेना-समर्थन गठबंधन के पक्षधर हैं। दुर्भाग्यवश राजा ही गणतंत्र के राष्ट्रपति की भांति प्रधानमंत्री बनवाता है। तो कैसा है थाईलैंड का यह बादशाह ? साल 2016 में अपने पिता भूमिबोल अदूल्यादेज की मौत के बाद वो थाईलैंड के सम्राट बने थे। भूमिबोल ने करीब 70 साल तक थाईलैंड पर शासन किया था और वो दुनिया में सबसे लंबे समय तक राजगद्दी पर बैठने वाले राजा थे। उनके अंतिम संस्कार पर करीब 600 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। उनके शव को सोने के रथ पर रखकर श्मशान तक ले जाया गया था।
राजा वाचिरालोंगकोन के बारे में कुछ खास बातें : वे अब तक चार शादियां कर चुके हैं। पिछली तीन शादियों से उनके सात बच्चे हैं। चौथी शादी उन्होंने साल 2019 में अपने निजी सुरक्षा दस्ते की उप प्रमुख सुतिदा तिजाई से की थी जो थाई एयरवेज में होस्टेस थीं। न्यूज एजेंसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, राजा वाचिरालोंगकोन दुनिया के सबसे अमीर सम्राट हैं। उनके पास दो लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की संपत्ति है। उनकी शाही संपत्ति में अरबों रुपये का महल भी शामिल है। राजा वाचिरालोंगकोन को ‘एय्याश और रंगीनमिजाजी’ राजा के तौर पर भी जाना जाता है। कुछ महीने पहले एक रिपोर्ट में कहा गया था कि जर्मनी के एक शानदार होटल में वह शाही हरम की कई औरतों के साथ रह रहे हैं। उन्होंने होटल का पूरा फ्लोर ही बुक कर लिया था।
राजा की इन अय्याशियों से उसकी बीवी को कोई फर्क नहीं पड़ता। सारे शासकीय कामों में रानी अपने पति के साथ नजर आती है। जहां रानी थाईलैंड में अपने महल में रहती है, वहीं उसका पति ज्यादातर जर्मनी में ही रहते हैं। थाईलैंड में राजा का ही शासन चलता है। कोई भी राजा के खिलाफ कुछ बोल नहीं सकता है। ये दंडनीय अपराध माना जाता है हालांकि, थाईलैंड के इस राजा की हरकतों का अब कई लोग विरोध करने लगे हैं। राजा को अपनी जनता से ज्यादा अपनी प्रेमिकाओं का ख्याल रहता है।
भारत के लिए थाईलैंड का सबक इस दृष्टि से महत्वपूर्ण है कि यदि राजग सरकार-विरोधी गठजोड़ ने छिछली राजनीति के बल पर लोकसभा में कामचलाऊ बहुमत हासिल कर लिया तो राष्ट्र की अर्थनीति और विकास की गति का क्या हश्र होगा ? मसलन आम आदमी पार्टी, लालू यादव के घोटाला में आकंठ डूबा राष्ट्रीय जनता दल, अलगाववादी द्रविड़ मुन्नेत्र कजगम, नेशनल कांफ्रेंस इत्यादि भिन्न दिशाओं में चलने वाले दल और गुट कबतक सरकार को एक ही दिशा में ले जा पाएंगे ? अतः थाईलैंड भारत के वोटरों के लिए एक चेतावनी है।
÷लेखक IFWJ के नेशनल प्रेसिडेंट व वरिष्ठ पत्रकार/स्तम्भकार हैं÷