(मुकेश सेठ)
(मुंबई)
√ भानवी सिंह नें 18 पेज में 90 बिंदुओं को आधार बनाकर गंभीर धाराओं में दर्ज कराया केस
√ राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच वर्षो से चल रहा है संबंध विच्छेद का कोर्ट में केस
कुंडा से निर्दलीय बाहुबली विधायक और जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ़ राजा भैया के विरुद्ध उनकी पत्नी भावनी सिंह ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए दिल्ली के सफदर गंज एनक्लेव थाने में 18 पेज की लिखित FIR मे 90 बिंदुओं को दर्शाया है।
मालूम हो कि राजा भैया और भानवी सिंह का तलाक का केस पहले से ही कोर्ट में चल रहा है, लेकिन अब भानवी सिंह की शिकायत पर राजा भैया के खिलाफ दिल्ली में FIR दर्ज हो गई है।
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा राज घराने परिवार से ताल्लुक रखने वाली भानवी सिंह ने अपने पति विधायक रघुराज प्रताप सिंह पर शारीरिक और मानसिक क्रूरता का आरोप लगाया है।
भानवी सिंह ने राजा भैया के खिलाफ क्रूरता और अत्याचार की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया है।
भानवी सिंह के मुताबिक उनके पति सालों तक मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे। भानवी ने राजा भैया के साथ-साथ उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भानवी सिंह इससे पहले भी राजा भैया पर कई गंभीर आरोप लगा चुकी हैं।
FIR के मुताबिक भानवी सिंह का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष का बर्ताव उनके साथ ठीक नहीं था। शादी के बाद राजा भैया का ज्यादा वक्त लखनऊ में गुजरता था, जबकि उन्हें प्रतापगढ़ में रहना पड़ता था। भानवी ने ये आरोप भी लगाया है कि जब उन्होंने जुड़वा बेटियों को जन्म दिया, तो राजा भैया का बर्ताव उनके साथ और खराब हो गया।
FIR में भानवी सिंह ने अपने पति यानी राजा भैया पर अपनी साली के साथ अवैध संबंध होने का भी आरोप लगाया है। भानवी ने आरोप लगाया कि ‘जब मैं लखनऊ में अपने पति से मिलने जाती थी, तो मेरी छोटी बहन साध्वी अक्सर हमारे साथ रहने आती थी। साध्वी उस समय 17 साल की थी। 1997 में जब भी मैं लखनऊ में होती थी, साध्वी हमारे साथ एक ही कमरे में सोने की जिद करती थी। मेरे पति इसका विरोध करने के बजाय, खुशी-खुशी उसी कमरे में एक फोल्डिंग बेड रखवा देते थे।’
भानवी सिंह ने FIR में एक और घटना का जिक्र किया है। FIR के मुताबिक यह घटना 1997 के अंत या 1998 की शुरुआत की है। भानवी सिंह ने FIR में आरोप लगाया, ‘जब साध्वी हमारे कमरे में नहा रही थी, तो मैंने दरवाजा खटखटाया। साध्वी ने बिना पूछे ही दरवाजा खोल दिया। मैंने उसे डांटा और अपनी सास को बताया, जिन्होंने मेरे पति से स्थिति पर अपनी असहमति जताई, लेकिन उन्होंने उसे बेरहमी से चुप करा दिया।
राजा भैया पर उनकी पत्नी भानवी सिंह ने बार डांसर्स के साथ अय्याशी करने का भी आरोप लगाया है। FIR के मुताबिक भानवी 2002 में IVF तकनीक से बच्चा पैदा करने के लिए मुंबई गई थी। भानवी सिंह के मुताबिक, ‘इलाज 15 दिनों तक चला और मेरे पति सिर्फ 3 दिनों के लिए मुंबई आए। हालांकि, इलाज के दौरान मेरी देखभाल करने और मेरे साथ रहने के बजाय, उन्होंने अपना ज्यादातर समय डांस बार में बिताया और सुबह 6 या 7 बजे ही घर पर लौटते थे।
भानवी सिंह ने FIR में आरोप लगाया कि एक डांसर थी जो लगातार मेरे पति के संपर्क में रहती थी और उन्हें ‘राजा जी’ कहकर बुलाती थी। एक दिन, मेरे पति अपना फोन घर पर ही छोड़ गए और जब उसने फोन किया, तो मैंने फोन उठाया। जब मुझे पता चला कि वह कौन है, तो मैंने उसे अपने पति को फोन करने से मना किया। इसपर लड़की ने जवाब दिया,
‘मेरा तो ये काम है, आप अपने पति को रोकें।’
आपको बता दें कि राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह का तलाक केस दिल्ली के साकेत कोर्ट में चल रहा है। पिछले दिनों भानवी ने तलाक मामले में हलफनामा दाखिल किया था। जिसमें उन्होंने राजा भैया पर शारीरिक और मानसिक शोषण का आरोप लगाया था।
फिल्हाल जिस तरह के आरोप लगाते हुए भानवी सिंह ने पति के उपर केस दर्ज कराया है उससे इतना तो तय है कि आने वाले दिनों में राजा भैया के लिए दिक्कतें बढ़ने वाली है।
इसके पहले कुछ माह पूर्व भी भानवी सिंह ने राजा भैया के सर्वाधिक करीबी माने जाने वाले अक्षय प्रताप सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उनके और राजा भैया के बीच विवाद उत्पन्न होने का प्रमुख कारण वह भी हैं।
फिलहाल इस बहुचर्चित राजघराने की मुकदमेबाजी का अंत क्या और किस प्रकार से होगा यह भविष्य के गर्भ में छिपा हुआ है।