(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
ग्वालियर-गुना-चंबल क्षेत्र और पूर्वोत्तर की रेल कनेक्टिविटी सुदृढ़ करने पर हुई विस्तृत चर्चा
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज नई दिल्ली स्थित रेल भवन में केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैश्नव के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में मध्य प्रदेश के ग्वालियर, गुना और चंबल अंचल सहित देश के विभिन्न हिस्सों से इन क्षेत्रों की सीधी रेल कनेक्टिविटी और पूर्वोत्तर में रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने संबंधी विविध परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की! बैठक के दौरान चंबल क्षेत्र में प्रमुख ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव, नई ट्रेनों के संचालन, नई रेल लाइनों के निर्माण तथा लंबित रेल विस्तार योजनाओं को गति देने पर सकारात्मक और विचार-विमर्श हुआ। सिंधिया ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि बेहतर रेल संपर्क न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा। इसके साथ ही पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेल सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर संपर्क व्यवस्था तथा अवसंरचना विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर भारत की कनेक्टिविटी को मजबूत करना राष्ट्रीय एकात्मता और संतुलित विकास की दिशा में अत्यंत आवश्यक है।




