2027 विधानसभा चुनाव में सपा के चुनाव अभियान में बड़ी भूमिका निभाएंगे राजकुमार भाटी

2027 विधानसभा चुनाव में सपा के चुनाव अभियान में बड़ी भूमिका निभाएंगे राजकुमार भाटी

(राजेश बैरागी)
(गौतम बुद्ध नगर)

राजकुमार भाटी के आयोजन में दादरी से PDA की बड़ी चुनावी सभा में शामिल हो सपाध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे इलेक्शन कैंपेन की शुरुआत

क्या राजकुमार भाटी अगले वर्ष होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के चुनाव अभियान में एक बड़ा चेहरा होंगे?
आगामी मार्च में दादरी (गौतमबुद्धनगर) में एक बड़ी PDA सभा के आयोजन से अपने चुनाव अभियान का आगाज करने की घोषणा करने वाली समाजवादी पार्टी ने जहां गुर्जर समाज को अपने पाले में लाने की तैयारी की है वहीं राजकुमार भाटी को इस सभा की जिम्मेदारी सौंप कर भविष्य में उन्हें बड़ी भूमिका सौंपने के भी संकेत दिया हैं।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पीडीए खासतौर पर गुर्जर बिरादरी को साधने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे राजकुमार भाटी का समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर गहरा प्रभाव पड़ा है। इस बात का अनुमान इसी बात से लगाया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपने अभियान की शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दादरी से कर रही है। इसके लिए आगामी मार्च महीने में यहां एक विशाल PDA सभा करने की तैयारी चल रही है। कहने को तो यह पीडीए यानी पिछड़े+दलित+अल्पसंख्यक लोगों की सभा होगी परंतु वास्तव में इसे गुर्जर बिरादरी केंद्रित रखा जाएगा। उत्तर प्रदेश में तीन दर्जन विधानसभा सीटों पर गुर्जर बिरादरी का ठीक-ठाक वर्चस्व माना जाता है। सपा यदि गुर्जर बिरादरी को साधने में सफल रहती है तो निश्चित ही अन्य पिछड़े दलित और अल्पसंख्यकों को मिलाकर इन सीटों पर जीत हासिल हो सकती है। स्व. रामशरण दास के बाद समाजवादी पार्टी के पास कोई ऐसा गुर्जर नेता नहीं रहा है जो पहचान का मुहताज न हो और जो सभी को स्वीकार्य हो। पिछले लगभग डेढ़ दशक से राजकुमार भाटी न केवल समाजवादी पार्टी के साथ तन मन से जुड़े हैं बल्कि उन्होंने गुर्जर बिरादरी में अपनी और पार्टी की जड़ें गहरी की हैं। समाचार चैनलों पर होने वाली राजनीतिक बहसों में उनके द्वारा रखे जाने वाले तर्कों के समक्ष भाजपा समेत सभी अन्य दलों के प्रवक्ता असहज हो जाते हैं। उनकी पार्टी के प्रति निष्ठा और गुर्जर बिरादरी में उनकी स्वीकार्यता देखते हुए ही उन्हें सपाध्यक्ष अखिलेश यादव ने दादरी में होने वाली पीडीए सभा का संयोजक बनाया है।
माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में राजकुमार भाटी समाजवादी पार्टी के चुनाव अभियान में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। सूत्रों का तो यहां तक दावा है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित गुर्जर बिरादरी के प्रभाव वाली सभी सीटों पर टिकट बंटवारे में राजकुमार भाटी निर्णायक भूमिका में होंगे।

Mukesh Seth

Chief Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *