(राजीव पाठक) (जौनपुर)
मंत्री ने किया गोमती नदी पर तीन स्थायी पुल और तीन पीपे के पुल बनवाने का दावा
206 करोड़ की एसटीपी और 306 करोड़ की सीवर लाइन से 14 नालों की कराई टैपिंग सदर विधायक ने गिनाया विकास कार्य
जौनपुर में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने के किए 800 एकड़ जमीन चिन्हित करने का किया जा रहा प्रयास
जौनपुर नगर के अचला घाट स्थित मां अचला देवी धाम पर छठ महापर्व के अवसर पर टीबीएस सेवा ट्रस्ट के नामकरण समारोह में पहुंचे सदर विधायक खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने अपने संबोधन में जौनपुर विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया।मंत्री ने कहा कि बीते साढ़े नौ वर्षों में उन्होंने बिना जाति, धर्म और संप्रदाय का भेदभाव किए पूरी ईमानदारी से जनता की सेवा करने का प्रयास किया है। उनका दावा है कि जौनपुर की वर्षों पुरानी यातायात, स्वास्थ्य, बिजली और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी कराई गई हैं और कई पर काम जारी है।उन्होंने बताया कि मड़ियाहूं मार्ग पर पूर्व रेल मंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में तत्कालीन सांसद डॉ. केपी सिंह के प्रयास से शुरू हुए रेलवे ओवरब्रिज का काम अधूरा रह गया था, जिसे उन्होंने पूरा कराया। इसके अलावा जगदीशपुर और नईगंज में फ्लाईओवर का काम पूरा होने तथा कुत्तूपुर फ्लाईओवर के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुत्तूपुर में भी जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा।रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम और लोगों की परेशानी को देखते हुए सिपाह स्थित मुसहर बस्ती के रास्ते सहित ककोरगहना, पांडेयपुर और धुरारी समेत विभिन्न स्थानों पर छह अंडरपास स्वीकृत कराने की बात कही। उन्होंने बताया कि इनका निर्माण कार्य चल रहा है तथा तीन अन्य अंडरपास स्वीकृत कराने की प्रक्रिया भी जारी है।गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि आजादी के बाद जौनपुर शहर क्षेत्र में गोमती नदी पर पुलों की संख्या सीमित रही, लेकिन उनके कार्यकाल में तीन नए स्थायी पुलों को स्वीकृति मिली। इनमें प्यारेपुर से कलीचाबाद पुल बनकर जनता के लिए चालू हो चुका है। दूसरे पुल का निर्माण कार्य ठेकेदार की देरी के कारण बाधित हुआ तो ठेका निरस्त कराकर नए सिरे से टेंडर कराया गया है। उन्होंने कहा कि तीसरे पुल सहित इन परियोजनाओं से आवागमन की सुविधा बढ़ेगी।यादव ने बताया कि मछलीशहर पड़ाव से मियापुर, बदलापुर पड़ाव से तुतीपुर तथा मुबारकपुर से बलुआ के बीच तीन पीपे के पुलों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा अड़तालीस करोड़ रुपये की लागत से दरवां पुल की परियोजना का भी उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि जौनपुर में बिजली आपूर्ति की समस्या दूर करने के लिए चार विद्युत उपकेंद्र स्वीकृत कराए गए हैं। टीडी कॉलेज के पास उपकेंद्र शुरू हो चुका है। चौकियां क्षेत्र के लिए 33/11 केवी उपकेंद्र पर लगभग आठ करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। मनिया में विद्युत आपूर्ति शुरू हो गई है, जबकि सिद्दीकपुर में काम शुरू होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आगे भी प्रयास जारी हैं।गोमती नदी की स्वच्छता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले शहर के नालों का गंदा पानी सीधे नदी में गिरता था, जिससे घाटों पर दुर्गंध के कारण लोगों का बैठना मुश्किल होता था। नमामि गंगे योजना के अंतर्गत 206 करोड़ रुपये की लागत से एसटीपी और 306 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना पर काम कराया गया। उन्होंने दावा किया कि इसके तहत 14 नालों की टैपिंग की जा चुकी है। शेष नालों को भी एसटीपी की क्षमता बढ़ाकर जोड़ने की योजना है, जिससे घरों और शौचालयों का गंदा पानी शोधित होने के बाद ही नदी में पहुंचे।उन्होंने कहा कि गोमती नदी के किनारे आधुनिक सुविधाओं से युक्त घाट का निर्माण कराकर जनता को समर्पित किया गया है। सद्भावना पुल से नए पुल तक घाट निर्माण के लिए 63 करोड़ रुपये की डीपीआर भारत सरकार को भेजी गई है। इसके अनुमोदन के बाद इस दिशा में भी काम आगे बढ़ेगा।गरीबों के इलाज के लिए 40 करोड़ की सहायता, जिला अस्पताल में मुफ्त सीटी स्कैनस्वास्थ्य सुविधाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित गरीबों के इलाज के लिए लगभग 40 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। इसमें किसी जाति या धर्म का भेदभाव नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को सरकार से सहायता दिलाना उनकी प्राथमिकता रही है।उन्होंने बताया कि सीएसआर फंड से लगभग एक करोड़ 60 लाख रुपये की व्यवस्था कर जिला अस्पताल में मुफ्त सीटी स्कैन की सुविधा शुरू कराई गई है, जिसके लिए निजी स्तर पर मरीजों को 3500 से 3800 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। जिला अस्पताल के कायाकल्प के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भी भेजा गया है। मेडिकल कॉलेज में ओपीडी और आईपीडी सेवाएं शुरू होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज वहां प्रतिदिन लगभग चार हजार मरीजों को चिकित्सा सुविधा मिल रही है।उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के आगमन के बाद वाजिदपुर से पचहटिया तक सड़क को फोरलेन बनाने की परियोजना पर काम शुरू हुआ है। इसके साथ चार अंडरपास भी बनाए जा रहे हैं। इस परियोजना के लिए 75 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। कुत्तूपुर से पूर्वांचल की ओर जाने वाले छूटे हिस्से को फोरलेन बनाने के लिए 128 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत हुई है और टेंडर प्रक्रिया में है।अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जौनपुर में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करना उनका एक महत्वपूर्ण लक्ष्य है। इसके लिए करीब 800 एकड़ जमीन चिह्नित कराई गई थी, लेकिन औद्योगिक विभाग की ओर से आपत्ति आने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। अब दूसरी जमीन चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जौनपुर में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।मंत्री ने कहा कि आने वाले दो वर्षों में विकास परियोजनाओं का प्रभाव जनता को दिखाई देने लगेगा। उन्होंने टीबीएस सेवा ट्रस्ट के नामकरण समारोह की बधाई देते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आश्वासन दिया कि जनप्रतिनिधि के रूप में संस्था को आगे बढ़ाने के लिए जब भी जरूरत पड़ेगी, वह कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करेंगे।




