(मुकेश सेठ)(मुम्बई)
महाराष्ट्र नव निर्माण सेना प्रमुख ने कहा कि यह सारा तामझाम उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनाव के लिए किया जा रहा
राज ठाकरे ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की गुरिल्ला युद्ध नीति को भूल गए होंगे लेकिन हमे याद रखना है और जवाब कब देना है हम तय करेंगे
भारतीय जनता पार्टी और उनके द्वारा पोषित जहरीला सोशल मीडिया मुंबई और महाराष्ट्र में ‘छठ पूजा’ के मुद्दे का इस्तेमाल कर संघर्ष पैदा करने का भरसक प्रयास कर रहा है।उक्त आरोप महाराष्ट्र नव निर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने लगाते हुए कहा कि इसके लिए सोशल मीडिया पर इस पूजा और इसके माध्यम से हो रहे कथित सांस्कृतिक अतिक्रमण के रील्स डाले जा रहे हैं। इतना ही नहीं, मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने भी बजाए गए, जिन्हें महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने बंद करवाया—वह एक अलग बात है। लेकिन इन सब प्रयासों के बावजूद भाजपा को जैसा संघर्ष अपेक्षित है, वैसा खड़ा नहीं हो पा रहा है, इस बात का उन्हें खेद है।ठाकरे ने कहा कि यह सारा तामझाम आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए चल रहा है।ऐसा लगता है कि भाजपा के थिंक टैंक की बौद्धिक क्षमता कमजोर हो गई है। चुनाव जीतने के लिए वे वर्षों से जिस ‘फूट डालो और राज करो’ के फॉर्मूले का उपयोग करते आ रहे हैं, वह अब काम नहीं करेगा। लोकसभा चुनाव आते ही हिंदू-मुस्लिम विवाद भड़काना, मैदानों और बगीचों में बुर्का पहनी मुस्लिम महिलाओं को घुमाकर यह दिखाना कि “देखो, अब ये हमारे मैदानों और बगीचों तक आ गए हैं”, और लोगों को डराना यही इनका तरीका रहा है। वास्तव में, हिंदू महिलाओं और पुरुषों को बुर्का पहनाकर दहशत फैलाने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर दिखाई देते ही हैं।उन्होंने कहा कि राज्यों के चुनाव नजदीक आते ही जातियों में जहर घोला जाता है। पिछले साल मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव जीतने के लिए ‘कबूतरखाने’ के मुद्दे पर गुजराती बनाम मराठी विवाद भड़काया गया। मैंने पहले भी अपने कई भाषणों में कहा है कि जब भाजपा को यह समझ आ जाता है कि वे अपने काम दिखाकर चुनाव नहीं जीत सकते, तो वे दो गुटों में संघर्ष करवाकर उनके बहे हुए खून पर चुनाव जीतते हैं। हालांकि, वह भी केवल एक ऊपरी दिखावा ही है, असली काम तो चुनाव आयोग ही करता है; लेकिन उन्हें यह प्रचारित करने का एक बहाना मिल जाता है कि उनकी जीत कैसे हुई!मनसे प्रमुख ने कहा कि’जेन-ज़ी’ (Gen-Z) आंदोलन के बाद से केंद्र से लेकर राज्यों तक भाजपा के सत्ता से बाहर होने का सफर शुरू हो चुका है और यह जल्द ही होकर रहेगा! इस वजह से भाजपा और उनके मार्गदर्शक पूरी तरह बौखला गए हैं। उन्हें इस बात का डर सता रहा है कि सत्ता से बाहर होते ही पिछले 12-14 वर्षों में इन्होंने जो कुछ भी किया है, उन सबके भूत इनके सिर पर सवार हो जाएंगे। खैर, इनका जो होना है वह तो होकर ही रहेगा!ठाकरे ने कहा कि मेरा मराठी लोगों से अनुरोध है कि हमें उनके द्वारा तय की गई युद्धभूमि पर लड़ने की आवश्यकता नहीं है। यह महाराष्ट्र का तरीका भी नहीं है। वे शायद छत्रपती शिवाजी महाराज की ‘गनिमी कावा’ (गुरिल्ला युद्ध नीति) को भूल गए होंगे, लेकिन हमें इसे याद रखना चाहिए। गनिमी कावा से किसे, कब और कैसे जवाब देना है, यह हम तय करेंगे। उनके स्वार्थ के लिए उनके द्वारा बिछाए गए जाल में हमें बिल्कुल नहीं फंसना है, यह तय है।उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी ने देश का बेड़ा गर्क कर दिया है, यहाँ का सामाजिक सौहार्द और सहिष्णुता पूरी तरह खत्म कर दिया है, महाराष्ट्र में भी यही चल रहा है।उन्होंने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार के आदेश पर महाराष्ट्र को एक ही उद्योगपति और उनके करीबियों को बेचकर चारों तरफ से नोचने का काम फिलहाल जारी है ।हमारे महाराज और उनके मावले जहां रहे, उस सह्याद्री पर्वत को भी इन्होंने खोखला करना शुरू कर दिया है। जंगल दिए जा रहे हैं, जमीनें दी जा रही हैं महाराष्ट्र में जो कुछ भी दिखाई दे रहा है, वह सब उस उद्योगपति को सौंपा जा रहा है, लेकिन हमें इसका कोई फर्क ही नहीं पड़ रहा है।ठाकरे ने कहा कि मैं कई बार कहता आया हूं कि अपने मराठी समाज जितना बेसुध समाज मैंने पूरे देश में कहीं नहीं देखा,जो कोई घटना घटने पर जागता है और एक-दो दिन में ही फिर शांत होकर सब कुछ भूल जाता है। हमारे आसपास जो कुछ भी घट रहा है, उसे मराठी मानुष को भूलना नहीं चाहिए। इसका गुस्सा हमें सही समय पर निकालना चाहिए, तभी हमें शिवराय (छत्रपती शिवाजी महाराज) का नाम लेने का अधिकार प्राप्त होगा!बाकी, यदि किसी ने पूजा के नाम पर सांस्कृतिक उन्माद फैलाया भी (हालांकि मुझे नहीं लगता कि कोई ऐसी हिम्मत करेगा), तो महाराष्ट्र को नोचने वालों और महाराष्ट्र के सांस्कृतिक वैभव को बिगाड़ने वालों को यह हमेशा याद रखना चाहिए कि हम शांत हैं, कायर (नपुंसक) नहीं। उत्तर भारतीयों और गुजराती समाज को भी यह समझना चाहिए कि ये लोग केवल आपको हमारे खिलाफ खड़ा करके अपना स्वार्थ साध रहे हैं और यदि आप उनके साथ शामिल होकर हम पर हमलावर होने वाले हैं, तो यह मत भूलिएगा कि यह महाराष्ट्र है यहाँ ‘मरहट्टे’ (मराठे) रहते हैं।भाजपा से मेरा कहना है कि धार्मिक, अंतर-राज्यीय या जातिगत संघर्ष पैदा करने के अलावा अब कुछ नया सूझता है क्या, यह देखिए! मराठी भाइयों-बहनों और मेरे महाराष्ट्र सैनिकों से कहना है कि इनके जाल में मत फंसिए, लेकिन सतर्क रहिए, हम सही समय पर निर्णय लेंगे।




