(प्रो.डी.डी. सिंह) (मथुरा)
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश जिला संस्था, मथुरा के प्रतिनिधियों ने दुवासू के कुलपति प्रो. डॉ. अभिजित मित्र को स्थापना दिवस का स्टिकर लगाया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डीन आदि भी उपस्थित रहे।युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता का विकास स्काउटिंग का मूल उद्देश्य है। ये मूल्य दुवासू के शैक्षणिक एवं सामाजिक दायित्वों से भी जुड़े हैं, जिनमें पशु सेवा, कृषक कल्याण तथा ग्रामीण समाज के प्रति उत्तरदायित्व का विशेष स्थान है।जिला संस्था द्वारा आयोजित स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ जिला मुख्य आयुक्त डॉ. कमल कौशिक ने लॉर्ड बेडेन पावेल, लेडी बेडेन पावेल एवं पंडित श्रीराम बाजपेई के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा पुष्प अर्पित कर किया। उपस्थित अतिथियों, स्काउट मास्टर्स, गाइड कैप्टन, रोवर्स एवं रेंजर्स को स्थापना दिवस के स्टिकर लगाए गए। जिला संस्था ने विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संस्थानों में भी स्काउटिंग के आदर्शों का संदेश पहुँचाया।कार्यक्रम में वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए स्काउटिंग को सेवा, समर्पण, भाईचारे और मानवता के प्रति कर्तव्य निर्वहन का सशक्त माध्यम बताया। प्रतिभागियों ने जिम्मेदार, अनुशासित एवं सेवाभावी नागरिक बनने का संकल्प लिया।





