(संजयराय)
(नईदिल्ली)
सामुदायिक विकास समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोरंजन मोहंती के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर उड़िया समुदाय का डेटा किया जा रहा है एकत्रित
देश-विदेश में रह रहे प्रवासी ओड़िया लोगों का पहला डेटा बैंक तैयार करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रस्तावित डेटा बैंक में ओडिशा के बाहर रह रहे करीब डेढ़ करोड़ ओड़िया लोगों की प्रासंगिक जानकारी जुटाई जाएगी। भारत के विभिन्न राज्यों और शहरों के साथ विदेशों में रहने वाले ओड़िया लोगों के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है। पंजीकरण के बाद उन्हें प्रवासी ओड़िया पहचान पत्र जारी किया जा रहा है।
सामुदायिक विकास समिति (एसवीएस) के अध्यक्ष और सामाजिक नेता डॉ. मनोरंजन मोहंती के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर ओड़िया समुदाय का डिजिटल डेटा एकत्र किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह जानकारी प्रवासी ओड़िया वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर उपलब्ध होगी। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने, प्रवासी ओड़िया लोगों को आपस में जोड़ने और वैश्विक ओड़िया समुदाय का मजबूत नेटवर्क तैयार करना है।
डॉ. मोहंती के अनुसार, अब तक ८० देशों में रह रहे ओड़िया लोगों ने जनगणना पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। डेटा बैंक, वेबसाइट और मोबाइल ऐप का उद्घाटन नई दिल्ली में करीब ३०० प्रमुख ओड़िया संगठनों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया जाएगा। उन्होंने देश-विदेश में रह रहे ओड़िया लोगों और संगठनों से इस पहल से जुड़कर अधिक से अधिक पंजीकरण कराने की अपील की।




