(मुकेश सेठ)
ग्रेटर नोएडा के चिपियाना बुजुर्ग में नौ दिन चला नवरात्र उत्सव, सुंदरकांड पाठ, डांडिया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां




गौतमबुद्ध नगर के चिपियाना बुजुर्ग स्थित खाटू श्याम एक्सटेंशन कॉलोनी में नवरात्र उत्सव धूमधाम से मनाया गया। नौ दिनों तक मंदिर परिसर में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। उत्सव के दौरान जहां बड़ों ने दुर्गा पूजा का आयोजन किया, वहीं बच्चों ने नैनो रावण का पुतला बनाकर दशहरे पर उसका दहन किया।आयोजन समिति की ओर से सप्तमी के दिन अयोध्या धाम के कथा वाचक अशोक कुमार सिंह ने मधुर स्वर में सुंदरकांड का पाठ किया। इससे पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जबकि महिलाओं ने डांडिया में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में प्रतिभागी बच्चों को खाटू श्याम एक्सटेंशन आरडब्ल्यूए अध्यक्ष गोपाल चौधरी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इससे पहले दुर्गा पूजा आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय राय और मंदिर के पुजारी हरिशंकर झा ने उनका फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।नवरात्र के दसवें दिन विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलोनीवासियों ने बढ़-चढ़कर सहयोग दिया। इसके बाद मां दुर्गा की प्रतिमा को पूरी कॉलोनी में भ्रमण कराने के बाद गढ़ गंगा में भावपूर्ण विसर्जन किया गया।आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्य पिंटू श्रीवास्तव, विमल कुमार पाठक, अजय दीक्षित, कबींद्र यादव, मिथिलेश कुमार सिंह, विनोद मिश्रा तथा आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि कैलाश रमण और भानु प्रताप यादव का सराहनीय योगदान रहा।



