(मुकेश सेठ) (मुम्बई)
मुख्यमंत्री ने कहा मुम्बई पुस्तक महोत्सव को संवेदनाओं व इंसानियत का महोत्सव मानता हूं।
सीएम ने किया 29 नवम्बर तक चलने वाले मुम्बई पुस्तक महोत्सव का हुआ भव्य उद्घाटन
बॉलीवुड, फ़ैशन फेस्टिवल की शृंखला में अब मुम्बई के पास है अपना बुक फेस्टिवल- अमित साटम
युवाओं की उपस्थिति बता रही है कि अब स्क्रीन टाइम कम होगा और रीडिंग टाइम बढ़ेगा- आचार्य पवन त्रिपाठी
पुस्तक महोत्सव में मुख्यमंत्री ने श्वेता पांडा की पुस्तक थोड़ी मय, हिमांशु गुप्ता की पुस्तक मेंटल हेल्थ फार टीन एजर्स, पूजा राय की पुस्तक अमर पुराण, अमृता बोहरा की पुस्तक वीर गाथा का किया विमोचन
‘समृद्ध समाज का निर्माण पुस्तकों से होता है समाज में ज्ञान संपदा के विस्तार का कार्य पुस्तकों ने ही किया है। जमाना एआई का है पर जीवन की संवेदना, प्रेम, भावना नहीं पता जबकि पुस्तकें संवेदनशील बनाती हैं, विचार करने हेतु तैयार करती हैं। इसलिए मैं मुंबई पुस्तक महोत्सव को संवेदनाओं व इंसानियत का महोत्सव मानता हूँ।’उक्त उद्गार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई यूनिवर्सिटी कालीना कैम्पस में मुंबई पुस्तक महोत्सव के उद्घाटन के मौके पर व्यक्त किए। फडणवीस ने घोषणा की कि अब से मुंबई में हर साल पुस्तक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। मंच पर विराजमान सांस्कृतिक कार्य मंत्री एड आशीष शेलार, कौशल्य विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े, पुलिस आयुक्त देवेन भारती, महापौर ऋतु तावड़े, न्यास के अध्यक्ष मिलिंद मराठे, निदेशक युवराज मलिक, मुख्य आयोजक अमित साटम, मुख्य संयोजक आचार्य पवन त्रिपाठी तथा रविंद्र कुलकर्णी, प्रति-कुलपति, मुंबई विश्वविद्यालय की उपस्थिति में मुख्यमंत्री ने श्वेता पांडा की पुस्तक थोड़ी मय, हिमांशु गुप्ता की पुस्तक मेंटल हेल्थ फार टीन एजर्स, पूजा राय की पुस्तक अमर पुराण, अमृता बोहरा की पुस्तक वीर गाथा का विमोचन किया।इस अवसर पर विधायक व मुम्बई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने कहा कि फ़िल्म, बॉलीवुड, फैशन फेस्टिवल की श्रृंखला में अब मुंबई के पास अपना बुक फेस्टिवल है। सिद्धिविनायक मंदिर के कोषाध्यक्ष व मुम्बई बीजेपी के महामंत्री आचार्य पवन त्रिपाठी ने कहा कि इस फेस्टिवल में आज जिस प्रकार से युवाओं की उपस्थिति हुई है उससे लगता है कि इसकी प्रेरणा से युवा पीढ़ी का स्क्रीन टाइम कम होगा और रीडिंग टाइम बढ़ेगा।बता दें कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत की ओर से यह महोत्सव 29 नवंबर 2026 तक चलेगा।इसके सहयोगी महाराष्ट्र सरकार, बीएमसी व मुंबई विश्वविद्यालय हैं। महोत्सव में 600 से अधिक पुस्तक स्टॉलों में पाठकों को विभिन्न विधाओं और भाषाओं की पुस्तकों का व्यापक संग्रह उपलब्ध है। रविवार को स्थल पर स्कूल कालेज के छात्रों की प्रचंड उपस्थिति रही। बालकों की गतिविधियों में भी स्पर्धकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। पहले ही दिन तकरीबन एक लाख पुस्तक प्रेमियों की हाजिरी हुई।महोत्सव के दौरान 100 से अधिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें साहित्यिक संवाद, लेखकों से मुलाकात, पुस्तक लोकार्पण, थीम आधारित प्रदर्शनियां, बच्चों की गतिविधियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल होंगी। इन आयोजनों का उद्देश्य सभी आयु वर्ग के पाठकों में पढ़ने की आदत विकसित करना और पुस्तक संस्कृति को मजबूत बनाना है।इस कार्यक्रम में दिल्ली के उप राज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, आचार्य प्रशांत, पैरालिंपिक खिलाड़ी दीपा मलिक, एड उज्ज्वल निकम, गीतकार मनोज मुन्तशिर, फिल्मकार चन्द्र प्रकाश द्विवेदी, अभिनेत्री व लेखिका शेफाली शाह, अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ल, अरुणा डेरे, शशिकांत सावंत, मयूर शाह, राजीव श्रीखंडे, साहित्यकार विश्वास पाटिल, शरण कुमार लिंबाले, अश्विन सांघी, आनंद नीलकंठन, अक्षत गुप्ता, मेधा भास्करन, अंजुम चोपड़ा, अंशुल चतुर्वेदी, एहसान वजीर, निकिता ठाकुर, प्रफुल्ल बिल्लौरे आदि वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।







