(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ टीवी पर देखा पेश किया गया बजट
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट देश के सर्वांगीण विकास का एक स्पष्ट कार्ययोजना प्रस्तुत करता है और विकसित भारत की संकल्पना को नई गति देने वाला है।
उक्त बातें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि यह बजट देश के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ने हेतु इस बजट में ठोस प्रावधान किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति के नए शिखर की ओर तेज़ी से अग्रसर होगा।

बीजेपी नेता ने कहा कि हर वर्ग का ध्यान रखने वाला बजट प्रस्तुत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि उत्पादन और निवेश को बढ़ावा देने वाला अनुकूल वातावरण इस बजट में विशेष रूप से तैयार किया गया है। किसान, महिलाएं, युवा, मध्यम वर्ग और उद्यमी—समाज के हर घटक के उत्थान को ध्यान में रखते हुए यह बजट बनाया गया है। आर्थिक विकास को गति देना, लोगों की क्षमताओं को सशक्त कर उन्हें विकास का सक्रिय सहभागी बनाना तथा “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर सभी को संसाधन उपलब्ध कराना—इन तीन प्रमुख कर्तव्यों पर बजट में विशेष जोर दिया गया है।
अध्यक्ष ने कहा कि बुनियादी ढांचे को अभूतपूर्व मजबूती दी गई है। सड़क, रेलवे, मेट्रो, बंदरगाह, ऊर्जा, आवास और डिजिटल कनेक्टिविटी में निवेश से अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्षा, स्टार्टअप्स और उद्योग क्षेत्र के लिए किए गए प्रावधान देश की आर्थिक वृद्धि को नई दिशा देने वाले हैं। बुनियादी ढांचे के विकास से लाखों रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
भारत को वैश्विक बायो-फार्मा विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए अगले पांच वर्षों हेतु 10,000 करोड़ रुपये के प्रावधान के साथ “बायो फार्मा शक्ति” योजना, मुंबई–पुणे, पुणे–हैदराबाद सहित सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर—इनसे विकसित भारत के प्रति सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति स्पष्ट होती है।
चव्हाण ने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा पर विशेष जोर, सेमीकंडक्टर क्षेत्र के लिए 40,000 करोड़ रुपये की घोषणा, वाराणसी और पटना में शिपिंग हब की स्थापना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और केरल में खनिज कॉरिडोर, देश को बायो हब बनाने के उद्देश्य से उठाए गए कदम, 5 लाख से अधिक जनसंख्या वाले शहरों में बुनियादी ढांचे का विस्तार, शहरी विकास के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान, पर्यावरण-अनुकूल यात्री परिवहन को बढ़ावा देने हेतु 7 अति-तीव्र रेल कॉरिडोर तथा लघु, मध्यम और सूक्ष्म उद्योगों को सहायता देने के लिए स्वावलंबी भारत निधि—ये बजट की कुछ प्रमुख विशेषताएं हैं।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को केंद्रीय बजट का सीधा प्रसारण आयोजित किया गया था। इस अवसर पर बीजेपी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता केशव उपाध्ये, प्रदेश प्रवक्ता ओमप्रकाश चौहान सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक तथा पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।




