(मुकेश सेठ)
(मुंबई)
√ ईबीएस फैशन कम्पनी पर सीटू के बैनर तले श्रमिकों ने तीन माह के बकाये वेतन को लेकर किया प्रदर्शन, श्रम विभाग के आश्वासन पर प्रदर्शन स्थगित
तीन माह के बकाये वेतन के भुगतान की मांग को लेकर ईबीएस फैशन प्राइवेट लिमिटेड प्लॉट नंबर एफ- 409, सेक्टर- 63, नोएडा के फैब्रिकेटर् मैसर्स रितिका फैशन के श्रमिकों ने सीटू जिलाध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा, सचिव राम स्वारथ के नेतृत्व में ईबीएस फैशन कंपनी सेक्टर- 63, नोएडा पर प्रदर्शन किया।
उक्त मुद्दे पर सहायक श्रमायुक्त के निर्देश पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी घनश्याम निषाद ने मौके पर पहुंचकर पक्षो में वार्ता कराई और श्रमिकों को वैधानिक कार्रवाई अपनाएं जाने के आश्वासन पर श्रमिकों ने चल रहे प्रदर्शन को स्थगित कर दिया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए श्रमिक नेता गंगेश्वर दत्त शर्मा ने बताया कि उक्त संस्थान के मालिक ने अपने फैब्रिकेटर चंदन के माध्यम से सी- 348, सेक्टर- 10, नोएडा पर कार्य करवाकर दर्जनों श्रमिको का तीन माह का वेतन का भुगतान नहीं किया। जब श्रमिकों ने श्रम कार्यालय में शिकायत किया तो कंपनी प्रबन्धकों ने सेक्टर- 10, नोएडा में संचालित कंपनी को बंद कर सारा सामान उठाकर सेक्टर- 63, नोएडा ले गए लेकिन श्रमिकों को अर्जित वेतन का भुगतान नहीं किया इसीलिए श्रमिकों ने आज कंपनी पर प्रदर्शन किया।
श्रम विभाग के हस्तक्षेप पर प्रदर्शन स्थगित किया गया है, यदि समस्या का समाधान नहीं होगा तो फिर से कंपनी पर कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ धरना प्रदर्शन भी किया जाएगा।




