(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
मुख्यमंत्री के अनुरोध पर गवर्नर ने जारी किए आदेश तो लगातार चौथी बार मिला सीएम एडवाइजर पोस्ट पर एक्सटेंशन
28 फरवरी 2027 तक इस पद को संभालने जा रहे अवस्थी के देखरेख में सूबे में चल रहे हैं बड़े बड़े डेवलपमेंट प्रोजेक्ट
1987 बैच के यूपी कैडर के IAS अफ़सर रहे अवस्थी जिलाधिकारी के रूप में वाराणसी, ललितपुर, आजमगढ़,मेरठ, गोरखपुर में किया है कार्य
तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के द्वारा मुख्यमंत्री आवास में तोडफ़ोड़ और टोंटी चोरी करवाने का वीडियो वॉयरल करा कर बटोरी थी सुर्खियां
उत्तर प्रदेश में तेज़ तर्रार ताकतवर IAS अधिकारी के रूप में प्रसिद्ध अवनीश अवस्थी को मुख्यमंत्री ने अपने सलाहकार के पद पर यथावत रखते हुए एक बार फिर उनका सेवाकाल एक वर्ष के लिए विस्तारित करा दिया है।
अवस्थी अब 28 फरवरी 2027 तक इस पद पर कार्यरत रहेंगे , उनको मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौथी बार सेवा विस्तार दिया है।
मुख्यमंत्री का यह आदेश राज्यपाल आनंदी बेन पटेल की मंजूरी के बाद जारी किया गया है।
योगी आदित्यनाथ के चहेते और विश्वसनीय अफसरों में शुमार अवस्थी के सेवा विस्तार को राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टिकोणों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सियासी और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री ने उनको सलाहकार पद पर बनाए रखने का मजबूत कारण बड़े बड़े डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स को पूरा करवाने के लिए यह निर्णय लिया है।
मालूम हो कि अवनीश अवस्थी 1987 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी हैं और उत्तर प्रदेश कैडर से हैं।
उनका जन्म 19 अगस्त 1962 को हुआ है,उन्होंने IIT कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक की डिग्री हासिल की।
31 अगस्त 2022 को उन्होंने सेवानिवृत्ति ली थी, लेकिन उसके बाद भी उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना मुख्य सलाहकार नियुक्त किया।
अवनीश अवस्थी जिलाधिकारी के रूप में ललितपुर, आजमगढ़, वाराणसी, मेरठ, गोरखपुर आदि जिलों में अपनी सेवाएँ दीं हैं।
गृह विभाग, सूचना विभाग, यूपी एक्सप्रेसवे अथॉरिटी (CEO) जैसे महत्त्वपूर्ण पदों पर भी कार्य किया है।
उनके देखरेख में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे जैसी बड़ी परियोजनाएँ शामिल रहीं।
इन भूमिकाओं से उन्हें प्रशासनिक फैसलों और नीति निष्पादन में गहरा अनुभव मिला है।
अवनीश अवस्थी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे भरोसेमंद और करीबी अफसरों में से एक माना जाता है।वह सरकार की नीति, कानून व्यवस्था समीक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे कार्यों में महत्वपूर्ण किरदार निभाते रहे हैं।हाल ही में वे मुख्यमंत्री के साथ जापान और सिंगापुर यात्रा पर भी साथ रहे हैं जो बड़े निवेश और रणनीतिक समझौतों से जुड़ा था।
उनके निरंतर सेवा विस्तार को नीति संचालन में स्थिरता और प्रशासनिक अनुभव बनाए रखने वाला संकेत माना जा रहा है।
अवनीश अवस्थी का कार्यकाल 28 फरवरी 2027 तक बढ़ाने का फैसला राजनीतिक लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि अगले वर्ष राज्य में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
इससे सरकार को बड़े प्रोजेक्ट्स पर निरंतरता और मेहनत से काम करने में मदद मिलेगी, खासकर निवेश योजनाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को पूरा करने में।
तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ऊपर वीडियो वॉयरल कर मुख्यमंत्री आवास में अनावश्यक तोड़फोड़ करने टोंटी चोरी का खुलासा करके अवनीश अवस्थी ने उस दौरान सपा सुप्रीमो की किरकिरी तक करा डाली थी।
अवनीश अवस्थी की धर्मपत्नी श्रीमती मालिनी अवस्थी सुप्रसिद्ध लोक गायिका हैं और उन्हें गायन में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
कुल मिलाकर लो प्रोफाइल रहकर हाई पॉवर्ड डिसीजन और डेवलपमेंट वर्क को करने के लिए मिले एक वर्ष में अवनीश अवस्थी बड़ी भूमिका निभाते रहेंगे।



