लेखक -विमल मिश्र
फोर्ट के छत्रपति शिवाजी महाराज वस्तु संग्रहालय विदेशों के विश्वख्यात संग्रहालयों से उनका नायाब कलेक्शन लेकर मुंबई आता रहा है। म्यूजियम का ताजातरीन आकर्षण है लंदन के विक्टोरिया और अल्बर्ट म्यूजियम से लाए गए छत्रपति शिवाजी महाराज के वाघनख, जिससे उन्होंने अफजल खान का वध किया था और ‘काहू-जो-दड़ो’ नाम का एक बौद्ध स्तूप का कैटेलॉग।फोर्ट के काला घोड़ा पर गेटवे ऑफ इंडिया के पास छत्रपति शिवाजी महाराज वस्तु संग्रहालय मुंबई की सबसे ज्यादा भ्रमण की जाने वाली हेरिटेज इमारतों में से है। मुंबई की गोथिक और आर्ट डेको इमारतों के रूप में यूनेस्को द्वारा घोषित विश्व विरासत का हिस्सा, जहां हर वर्ष 10 लाख से अधिक दर्शक उसमें सहेजी 70000 से ज्यादा कलाकृतियों को देखने आते हैं। यह किसी हेरिटेज बिल्डिंग (ग्रेड – 1) में मौजूद संभवतः पहला संग्रहालय है, जिसे इंडियन हेरिटेज सोसायटी का अर्बन हेरिटज अवॉर्ड और यूनेस्को एशिया-पैसिफिक अवॉर्ड मिलने का गौरव भी हासिल है।छत्रपति शिवाजी महाराज वस्तु संग्रहालय (पुराना नाम प्रिंस ऑल वेल्स म्यूजियम) की विशेषता सिर्फ 27 गैलरियों में धरा इसका वास्तु और विशाल संग्रह ही नहीं, नित यहां होने वाले विविधरंगी आयोजन हैं। म्यूजियम का लंदन के विक्टोरिया और अल्बर्ट म्यूजियम सहित विश्व के कई प्रमुख संग्रहालयों से निकट सहयोग है और यह पिछले कई वर्षो से बिना नागा हम हर वर्ष विदेशों के विश्वख्यात म्यूजियमों से उनका नायाब कलेक्शन लेकर मुंबई आ रहा है। इन दिनों इसका आकर्षण बना हुआ है लंदन के विक्टोरिया और अल्बर्ट म्यूजियम से लाए गए छत्रपति शिवाजी महाराज के वाघनख, जिससे उन्होंने बीजापुर की आदिलशाही सल्तनत के सेनापति अफजल खान का वध किया था और बौद्ध आर्ट गैलरी में धरे ‘काहू-जो-दड़ो’ नाम का बौद्ध स्तूप से मिलीं कलाकृतियां और अन्य पुरातत्व अवशेष।सदियों पहले, पाकिस्तान के सिंध प्रांत के गांधार क्षेत्र में मीरपुरखास के पास ‘काहू-जो-दड़ो’ नाम का एक सही – सलामत बौद्ध स्तूप हुआ करता था, जिसकी दीवारें टेराकोटा की बारीक आकृतियों और सजावटी वास्तुशिल्प तत्वों से सजी थीं। यह अब एक खंडहर के रूप में है। चौथी – पांचवीं शताब्दी के जमाने के ‘मीरपुर खास स्तूप’ नाम से मशहूर इस स्थल की गणना विश्व के सबसे प्राचीन पुरातात्विक स्थलों में की जाती है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के हेनरी कूसेंस द्वारा 1909-10 में लगभग 30 से 32 एकड़ में फैली इस जगह की खोदाई में मिली टेराकोटा की बुद्ध प्रतिमाओं व बारीक कलाकृतियों और अन्य वास्तु अवशेषों का सबसे बड़ा और व्यापक संग्रह छत्रपति शिवाजी महाराज वास्तु संग्रहालय में मौजूद है। ये कलाकृतियां सारनाथ और मथुरा में मिली कलाकृतियों के समान हैं और इनमें गांधार (ग्रीको-बौद्ध) और गुप्त शैलियों का अनूठा कलात्मक संगम देखने को मिलता है।छत्रपति शिवाजी महाराज वास्तु संग्रहालय के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के चेयरमैन साइरस गुजदर की मौजूदगी में संग्रहालय के महानिदेशक सब्यसाची मुखर्जी ने संग्रहालय परिसर में मंगलवार को एक समारोह में ‘काहू-जो-दड़ो’ नाम से यह शोध-कार्य जारी किया, जिसमें बौद्ध आर्ट गैलरी में संग्रहीत इस प्राचीन स्मारक की 313 कलाकृतियों का कैटलॉग शामिल है। परियोजना के लेखक सब्यसाची मुखर्जी हैं, जबकि शोध, दस्तावेजीकरण और कैटलॉगिंग का काम संग्रहालय की पुरातत्व क्यूरेटर अपर्णा भोगल ने किया है। इस प्रोजेक्ट को ‘बैंक ऑफ अमेरिका’ का सहयोग हासिल है।(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व लेखक हैं)






