(राजेश बैरागी)
(गौतम बुद्ध नगर)
मुख्य सचिव/नोयडा विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्राधिकरण की हुई 215वीं बैठक में लिए गए कड़े फैसले
नोएडा प्राधिकरण बोर्ड की 215 वीं बैठक हुई।हालांकि प्राधिकरण बोर्डों को समय-समय पर बैठक कर प्रगतिशील विकास कार्यों की समीक्षा तथा भविष्य की योजनाओं पर विचार करना चाहिए। इससे प्राधिकरणों के कामकाज में न केवल गति बनी रहती है बल्कि नीतिगत अवरोधों को भी समय रहते दूर किया जा सकता है। परंतु आज ऐसे कई ज्वलंत विषयों पर कोई चर्चा नहीं हुई जो प्राधिकरण बोर्ड के सदस्यों के विचार करने योग्य हो सकते थे। मसलन हाल ही में किसानों से संबंधित उजागर की गई हाई पावर कमेटी की रिपोर्ट को लेकर प्राधिकरण बोर्ड ने कोई चर्चा नहीं की।यह रिपोर्ट शासन को भेजी गई थी और शासन ही इसपर अपना फैसला सुनाएगा परंतु क्या बोर्ड इस पर चर्चा भी नहीं कर सकता था?शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर भी कोई चर्चा नहीं हुई जबकि सुगम यातायात संचालन करने के लिए एक व्यापक रणनीति बनाने की आवश्यकता है। पिछले लगभग दस वर्षों से डेढ़ डेढ़ लाख रुपए देकर प्राधिकरण से आवासीय भूखण्ड मिलने की बाट जोह रहे किसान कोटे के लगभग छः सौ आवेदकों को राहत देने की बात भी आज की बोर्ड बैठक में नहीं हुई। हालांकि आज की बोर्ड बैठक निरर्थक नहीं थी।बोर्ड ने अमिताभ कांत समिति के सुझावों पर अमल न करने वाले बिल्डरों पर प्रभावी पैरवी करने का फैसला लिया जिससे फ्लैट खरीदारों को जल्दी से जल्दी अपने आशियाने मिल सकें। आवंटन के समय ही बिल्डर और फ्लैट बायर्स के बीच पूरी स्टाम्प ड्यूटी के साथ एग्रीमेंट टू सेल रजिस्टर्ड कराने का यूपी रेरा का नियम नोएडा प्राधिकरण में भी लागू करने का निर्णय बोर्ड ने लिया।
यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) इस व्यवस्था को पहले ही लागू कर चुका है।दो सेक्टरों में डाटा सेंटर के लिए आवंटित दो बड़े भूखंडों को बहुराष्ट्रीय कंपनियों की अपेक्षा के अनुरूप आई टी या आईटीईएस भूखंडों में बदलने, सरकारी विभागों, बैंक, पेट्रोल पंप कंपनियों को आवंटित भूखंडों के विरुद्ध बकाया लगभग सोलह सौ करोड़ रुपए अनुज्ञा राशि वसूलने के लिए सील करने जैसी कड़ी कार्रवाई करने, बाह्य एजेंसी द्वारा आपूर्ति किए जाने वाले कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नीति बनाने तथा दादरी नोएडा गाजियाबाद निवेश क्षेत्र के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय भी आज की बोर्ड बैठक में लिए गए। मुख्य सचिव व प्राधिकरण अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यीडा के सीईओ क्रमशः डॉ लोकेश एम, रवि कुमार एनजी व डॉ अरुणवीर सिंह, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा व अन्य अधिकारियों ने भाग लिया और प्रमुख सचिव उद्योग अनिल कुमार सागर ऑनलाइन जुड़े।




