(राजेश बैरागी)
( गौतम बुद्ध नगर)
√ स्वामी दयानंद सरस्वती की 200 वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं नें कहा पीएम- सीएम से आर्य समाज मांग करेगा कि एयरपोर्ट का नामकरण स्वामी जी के नाम हो
√ बच्चों को सनातन संस्कृति से जोड़े रखने,मोबाइल फोन से बचाने और माता पिता को तीन बच्चे पैदा करने का आहवाँन किया आर्य समाज ने
गौतम बुद्ध नगर के जेवर में बन रहे देश के सबसे बड़े इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नामकरण
आधुनिक भारत के निर्माण तथा स्वतंत्रता आंदोलन में अतुलनीय योगदान देने वाले स्वामी दयानंद सरस्वती के नाम किए जाने की मांग शुरू कर दी है।
आज साइट सी ग्रेटर नोएडा स्थित अंसल गोल्फ लिंक 2 हाउसिंग सोसायटी में स्वामी दयानंद सरस्वती की 200 वीं जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में आर्य समाज के लोगों ने यह मांग न केवल जोर शोर से उठाई बल्कि इस मांग को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात भी कही।
पांच दिवसीय कार्यक्रम के समापन अवसर पर कार्यक्रम आयोजक डॉ राकेश आर्य ने आर्य प्रतिनिधि सभा दिल्ली के मंत्री विनय आर्य की उपस्थिति में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नामकरण स्वामी दयानंद सरस्वती के नाम पर करने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि स्वामी दयानंद ने गंगा के किनारे किनारे जब देश के बड़े भू-भाग पर आर्य समाज की अलख जगाई थी,तब उन्होंने बहुत समय इस क्षेत्र में भी व्यतीत किया था।
उनके सनातन संस्कृति की रक्षा, युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने तथा स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को देखते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नामकरण उनके नाम पर किया जाना चाहिए।इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने इस मांग का करतल ध्वनि से समर्थन किया। आर्य प्रतिनिधि सभा दिल्ली के मंत्री विनय आर्य ने अपने संबोधन में कहा कि आर्य समाज की देशभक्ति और सेवा भावना से प्रेरित होकर बहुत से विदेशी और अन्य धर्मों के लोगों ने न केवल अपना धर्म बदल लिया बल्कि वे हमेशा के लिए यहीं के होकर भी रह गए। उन्होंने हिंदुत्व पर मंडरा रहे संकट के प्रति सचेत करते हुए लोगों से अपने बच्चों को सनातन संस्कृति से जोड़े रखने, उन्हें फोन की लत से बचाने तथा कम से कम तीन बच्चे पैदा करने का आह्वान भी किया।




