★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
उपमुख्यमंत्री नें कहा पीएम मोदी के नेतृत्व में आज भारत के पास G20 की अध्यक्षता है साथ ही पीएम का मानना है कि राज्यों को अन्य देशों के साथ सम्बन्धों को बढ़ाना चाहिए
इंडो-मॉरीशस बिजनेस फोरम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में DCM फडणवीस ने मॉरीशस में उद्यमियों के सामने महाराष्ट्र की बिजनेस स्पेशिलिटी के बारे में बताया
उधोग में निवेश बढ़ाने के लिए मॉरीशस और महाराष्ट्र राज्य में हुआ EDB-MIDC के बीच समझौता
♂÷आज का समझौता महाराष्ट्र व मॉरीशस देश के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा और यह दिन ऐतिहासिक रूप अमिट छाप छोड़ेगा।
उक्त बातें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नें आज 28 अप्रैल को मॉरीशस देश के मोका में इंडो-मॉरीशस बिजनेस फोरम द्वारा उधमियों के लिए मॉरीशस व महाराष्ट्र के मध्य व्यापार व निवेश को बढ़ावा देने के लिए आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कही। फडणवीस ने महाराष्ट्र की आर्थिक ताकत,सहूलियत व इंफ्रास्ट्रक्चर के बारे में बात की और उनसे महाराष्ट्र में निवेश करने के लिए आगे आने की अपील की।
महाराष्ट्र और मॉरीशस के बीच निवेश के लिए एक मंच स्थापित करने के लिए आज आर्थिक विकास बोर्ड, मॉरीशस (ईडीबी) और एमआईडीसी के बीच व्यापारिक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य महाराष्ट्र और मॉरीशस के बीच निवेश सहयोग को बढ़ाना, व्यापार को बढ़ावा देना, इसके लिए तंत्र विकसित करना, संस्थागत संबंधों को बढ़ाना, क्षमता निर्माण गतिविधियों को अंजाम देना और आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देना है।

इस कार्यक्रम में मॉरीशस के वित्त मंत्री डॉ. रंगानादेन पडायाची, विदेश मंत्री एलन गनु, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री दीपक बालगोबिन और भारत की उच्चायुक्त नंदिनी सिंघा और बड़ी संख्या में मॉरीशस के उद्यमी इस अवसर पर उपस्थित थे।
देवेंद्र फडणवीस ने यहां आमंत्रित करने की बड़ी पहल करने के लिए विदेशमंत्री एलन गनू को धन्यवाद देते हुए कहा कि आज का दिन महाराष्ट्र-मॉरीशस की दोस्ती के लिए एक ऐतिहासिक दिन है।

उन्होंने कहा महाराष्ट्र भारत के अग्रणी राज्यों में से एक है। महाराष्ट्र भारत के कुल निर्यात का 25%, देश में कुल विदेशी निवेश का 28%, औद्योगिक उत्पादन का 20% है। महाराष्ट्र का सीएजीआर (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) कोविड काल को छोड़कर लगातार 10% रहा है। महाराष्ट्र की 57% आबादी 27 साल से कम उम्र की है। अधिकांश विश्वविद्यालय महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा बिजली उत्पादन और बिजली की खपत होती है। महाराष्ट्र की डेटा क्षमता 65% है। महाराष्ट्र देश की स्टार्टअप राजधानी है। 80,000 स्टार्ट अप में से 15,000 और 100 में से 25 यूनिकॉर्न महाराष्ट्र में हैं।
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र देश की बाँध की राजधानी भी है और इसकी तटरेखा 700 किलोमीटर है।
राज्य सरकार ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और कॉस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस पर लगातार काम कर रही है। समझौता ज्ञापन जिस पर आज हस्ताक्षर किए गए, मॉरीशस में उद्यमियों के लिए एक बड़ा द्वार खोलेगा। ‘स्पीड ऑफ ट्रैवल’ और ‘स्पीड ऑफ डेटा’ महाराष्ट्र की विशेषता है। महाराष्ट्र में एक के बाद एक इंफ्रास्ट्रक्चर बन रहा है और दूसरी तरफ फाइबर के जरिए अंतिम व्यक्ति तक इंटरनेट पहुंचाया जा रहा है. अब इसमें 5-जी तकनीक का समावेश होगा। देवेंद्र फडणवीस ने यह भी कहा कि आज का समझौता महाराष्ट्र-मॉरीशस के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
हमारे प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी जी हमेशा इस बात पर जोर देते हैं कि राज्यों को अन्य देशों के साथ अपने संबंधों को अधिक से अधिक बढ़ाना चाहिए। राज्यों में भारत बसता है, इसके पीछे उनकी यही भावना है। आज भारत के पास G-20 की अध्यक्षता है।
भारत उनके नेतृत्व में एक धरती-एक परिवार-एक भविष्य की वसुधैव कुटुम्बकम की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है। देवेंद्र फडणवीस ने इस मौके पर कहा कि भारत ने कोरोना काल में और उसके बाद भी अपनी अर्थव्यवस्था की रफ्तार को बनाए रखा है।




