(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
भाजपा ने कहा ऐतिहासिक जनादेश तो विपक्षी बोले चुनाव आयोग के बूते लूटा लोकतंत्र
रविवार को देश के पांच राज्यों पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरलम और पुडुचेरी के चुनावी परिणाम आए हैं।
जिसमें भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए ने पश्चिम बंगाल, असम, पुद्दुचेरी में सत्ताधीश होने का जनादेश ले आई है तो वहीं उसे तमिलनाडु और केरलम राज्य के मतदाताओं ने जबर्दस्त पटखनी भी दे डाली है।
जहां बीजेपी अपने सियासी पैदाइश के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल में भगवा फहरा, सरकार का पॉवर लेने जा रही है तो वहीं असम में हेमंत विश्व शर्मा को एक बार फिर मुख्यमंत्री बना कर सरकार चलाएगी।

मज़ेदार तो यह है कि असम पुद्दुचेरी तमिलनाडु केरलम के चुनावी परिणाम पर कोई भी हारी हुई पार्टी चुनाव आयोग, ईवीएम पर दोषारोपण कर अपनी चुनावी रणनीति, संगठन की कमज़ोरी और चुनावी मुद्दे की विफलताओं पर कुछ नहीं बोल रही है किन्तु पश्चिम बंगाल के चुनावी परिणाम आते ही तृणमूल कांग्रेस पार्टी की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित विपक्षी नेता इसको चुनाव आयोग, ईवीएम, एसआईआर के चलते ममता बनर्जी को हरा कर बीजेपी को सत्ता में लाने के आरोप लगा रहे हैं।
सत्तापक्ष और विपक्ष के सियासतदां के बीच जुबानी जंग प्रारम्भ हो गई है।

भारतीय जनता पार्टी की राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा सबका साथ सबका विकास मंत्र के साथ सर्व समाज के हित में किए गए सर्वांगीण विकास कार्य को देखकर पश्चिम बंगाल के मतदाताओं ने उनपर भरोसा कर 15 साल से ममता बनर्जी सरकार के कुशासन को सत्ता से उखाड़ फेंका है।
बंगाल वह पवित्र और बौद्धिक भूमि मानी जाती है जहां पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस, स्वामी रामकृष्ण परमहंस,स्वामी विवेकानंद, गुरु रविन्द्र नाथ टैगोर,पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ अनेकों महान विभूतियों ने जन्म लेकर राष्ट्र के लिए फलीभूत हो गए।

बंगाल की धरा मां काली की की है नारी शक्ति की है किन्तु लगातार 15 साल से ममता बनर्जी ने अपनी सरकार में इस भूमि को भ्रष्टाचार, महिला अत्याचार, घुसपैठियों की धरती बना कर सोनार बांग्ला और बंगाली मानुष के साथ घोर पाप किया है।
पश्चिम बंगाल की जुझारू जनता, ख़ासकर नारी शक्ति ने प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी और गृहमंत्री अमित शाह के दिए गए वचनों पर भरोसा कर ऐतिहासिक जनादेश दिया है।
सांसद ने कहा कि निश्चित रूप से पश्चिम बंगाल की जनता और भारतीय जनता पार्टी के परिश्रमी कार्यकर्ताओं ने जिस तरह से शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में संघर्ष कर भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलाने का कार्य किया है उनको नमन करते हैं।
सांसद ने चुनावी रण में पस्त हुई मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत विपक्ष के उन राजनेताओं पर तंज कसा कि जहां बीजेपी हारती है वहां लोकतंत्र जिंदा रहता है, चुनाव आयोग ठीक काम करता है ईवीएम दुरुस्त रहता है किंतु जहां बीजेपी सत्ता में आती है वहां चुनाव आयोग बीजेपी का एजेंट है, ईवीएम से बेइमानी कर जीते है इन सब का रोना रोने लगते हैं। जबकि इनको गंभीर चिंतन मंथन करना चाहिए कि क्यों और किस वज़ह, मुद्दे से लेकर अब जनता इनको सत्ता से बाहर करती जा रही है। जनता अब जागरूक हो रही है और वह सकारात्मक राजनीति और वैसी सोच वाले राजनेता चाहने लगी है।
राष्ट्र को बांटने वाली राजनीति और कमजोर करने वाले दलों को सत्ता से बाहर दिखाने का कार्य करने लगी है।

मछली शहर सुरक्षित लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद सुश्री प्रिया सरोज ने कहा जिस तरह से पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग को भारतीय जनता पार्टी ने अपना सिस्टम बनाते हुए ममता बनर्जी को हराया है वह लोकतंत्र के लिए घातक है। पूरे देश ने देखा है कि किस तरह से चुनाव आयोग ने एसआईआर के बहाने पश्चिम बंगाल में 90 लाख से ज्यादा उन वोटो को काटा है जो ममता बनर्जी के पक्ष में मतदान करते रहे हैं।
इन वोटों के काटे जाने से ममता बनर्जी सरकार को भाजपा ने साजिश के तहत बाहर किया है।
सांसद ने कहा कि हमारी मांग है कि ईवीएम मशीन के बजाय चुनाव में मतपत्र के जरिए वोटिंग फ़िर से शुरू करवानी चाहिए जिससे विपक्ष के साथ ही देश के नागरिकों की शंका का समाधान हो सके।
उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को मतगणना परिसर में जिस तरह से धक्के मारते हुए अपमानित किया गया वह सरकार और चुनाव आयोग के हिटलर शाही का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
सांसद ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयुक्त के परिवार के कुछ अफसरों को महत्वपूर्ण पदों पर सरकार द्वारा तैनाती दी गई यह एक बड़ा प्रश्न है कि क्या चुनाव आयुक्त भाजपा सरकार का एहसान चुका रहे हैं
मछली शहर से समाजवादी पार्टी की विधायक डॉ रागिनी सोनकर ने कहा कि पश्चिम बंगाल का चुनाव भाजपा ने अपनी केन्द्र सरकार ,चुनाव आयोग और ईवीएम मशीन के बूते जीता है जबकि लोकप्रिय महिला मुख्यमंत्री के रुप ममता बनर्जी को हराया नहीं जा सकता है।
तीन कार्यकाल से अपने कामों और संघर्षों की बदौलत मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का हार जाना कत्तई स्वीकार योग्य नहीं है, हमारे नेता अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी उनके साथ हुई चुनावी बेइमानी की लड़ाई में उनके साथ हैं।
केंद्र सरकार के इशारा पर पश्चिम बंगाल में जिस तरह से आनन फ़ानन में एसआईआर के बहाने 90 लाख वोटरों के नाम काटे गए हैं वह चुभते सवाल है।
विधायक ने कहा कि 15 से लगातार मुख्यमंत्री वह भी एक महिला को जिस तरह से मतगणना परिसर में धक्का मारकर अभद्र व्यवहार किया गया है वह डेमोक्रेसी के लिए बेहद खतरनाक स्थिति है। विपक्ष को भारतीय जनता पार्टी देश में राजनीतिक रूप से समाप्त करने का कार्य कर रही है।
मडियाहूं विधानसभा सीट से भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल(ए) के विधायक डॉक्टर आर के पटेल ने कहा कि पांच में से तीन राज्य पश्चिम बंगाल ,असम और पुडुचेरी में जिस तरह से भाजपा के नेतृत्व में एनडीए ने जनादेश हासिल किया है उससे यह साबित होता है कि देश की जनता एनडीए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा किए जाने विकास कार्यों और उनके वादों के ऊपर दृढ़ विश्वास रखती है भरोसा करती है।
विधायक ने कहा कि देश अब विकास चाहती है और अब देश में भ्रष्टाचार, भाई भतीजाबाद,आतंकवाद की कोई जगह नहीं है।
पश्चिम बंगाल में जिस तरह से भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने जमीन पर काम किया और ममता बनर्जी को उनकी ही सीट पर परास्त किया है इससे यह समझा जा सकता है कि पश्चिम बंगाल की जनता तानाशाह मुख्यमंत्री को हटाकर ऐतिहासिक जनादेश देने का मन बना लिया था।




