(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
कतिपय न्यूज चैनल और सोशल मीडिया पर पेट्रोल डीजल की दरों में दस से बारह रुपए की बढ़ोत्तरी की खबर के बाद आज कई पेट्रोल पंप पर लटकते दिखे बोर्ड
सीएम का आदेश दिखा बेअसर डीएम के सीयूजी नम्बर पर घंटी बजती रही तो डीएसओ का मोबाइल नंबर बताता रहा इनकमिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है
पेट्रोल पंप एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंह सफायर ने कहा कि नए नियम के तहत जब तक पेट्रोल डीजल टैंक ड्राई नहीं हो जाते तब तक कम्पनी पेट्रोल डीजल नहीं देती
अमेरिका ईरान में चल रहे विवाद के चलते पहले ईरान फ़िर बाद में अमेरिका द्वारा भी हार्मोज खाड़ी बंद कर देने के चलते तेज़ी के साथ पेट्रोलियम पदार्थों की क़ीमत दुनियां भर में बढ़ती जा र ही है। ऐसे में भारत के ऊपर भी इसका दुष्प्रभाव पड़ा है और एक दिन पूर्व कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम नौ सौ रुपए से ऊपर और पांच किलो के छोटे गैस सिलेंडर में दो सौ से ऊपर की वृद्धि की गई है।
इसके बाद कई न्यूज चैनल सहित सोशल मीडिया पर पेट्रोल डीजल के दामों में केंद्र सरकार द्वारा दस रुपए प्रति लीटर से ऊपर क़ीमत बढ़ाए जाने की अटकलबाजियों की वज़ह से जिले में तमाम पेट्रोल पंप मशीनों पर पेट्रोल डीजल खत्म हो गया है का बोर्ड टांग दिया गया है।

जिसके चलते आज वाहन चालक पेट्रोल डीजल न मिलने की वजह से बेहद परेशान रहे।
आज दिन में जौनपुर केराकत रोड स्थित गजना बेलखरा और पित्तूपुर में स्थिति पेट्रोल पंप पर यह नज़ारा दिखा कि पेट्रोल डीजल खत्म होने के बोर्ड देखकर वाहन चालक निराश दिखे।
पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा दाम अभी तक बढ़ाए नहीं गए हैं किन्तु न्यूज चैनल और सोशल मीडिया, यूट्यूब पर शनिवार से ही दाम बढ़ाए जा सकते है की न्यूज देखकर जिस तरह
पेट्रोल डीजल रहते हुए पंप मालिकों द्वारा पेट्रोल डीजल खत्म होने का बोर्ड डिलीवरी मशीन पर टांग दिया गया है वह सरासर संज्ञेय अपराध और उपभोक्ता हितों के विरुद्ध किया गया आपराधिक कृत्य है।
कतिपय न्यूज चैनल और सोशल मीडिया यूट्यूब चैनल पर कभी भी दाम बढ़ाए जाने वाली ख़बर देखकर पेट्रोल पंप मालिकों में यह लालच पैदा हो गया है कि पेट्रोल, डीजल पर जब प्रतिलीटर दस से बारह रुपए क़ीमत की वृद्धि होगी तो एक ही दिन में कई लाख रुपए का वारा न्यारा किया जा सकेगा।
वहीं इस गंभीर स्थिति की जानकारी देकर उचित कार्रवाई के लिए सुबह 10.34 बजे जिलाधिकारी के सीयूजी मोबाइल नम्बर 9454417578 पर कॉल किया गया तो घंटी बजती रही किन्तु फ़ोन नहीं उठा।
जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत सीयूजी धारक अफसरों को सख़्त निर्देश दिए हैं कि कोई भी फ़ोन करे उससे बात करके तुरंत उस पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए किन्तु जौनपुर में मुख्यमंत्री की चेतावनी बेअसर दिखी।
इस बाबत जब शाम 5.47 बजे जिला पूर्ति अधिकारी के मोबाइल नंबर 9455115170 पर बात करने की कोशिश की गई तो उनके मोबाइल नम्बर पर इनकमिंग कॉल की सुविधा उपलब्ध नहीं होने की टोन सुनाई देती रही।
उधर पेट्रोलियम वितरक समिति जौनपुर के जिला अध्यक्ष व पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह सफायर का कहना है कि पेट्रोलियम कंपनियों ने अब नई व्यवस्था के तहत जब तक पेट्रोल डीजल टैंक पूरी तरह से ड्राई नहीं हो जाते तब तक पेट्रोल डीजल की आपूर्ति नहीं की जाती है।

साथ ही अब सभी पेट्रोल पंप को तय मात्रा में ही पेट्रोल डीजल की आपूर्ति पूर्व नक़द भुगतान लेकर की जा रही है, इस विवाद की वजह से पेट्रोल पंप मालिकों को ही नहीं बल्कि उपभोक्ताओं को भी परेशानियां झेलनी पड़ रही है।
कभी कभार पेट्रोल डीजल खत्म हो जाने पर आपूर्ति में देरी की वजह से लोग यह समझते हैं कि पेट्रोल पंप दाम बढ़ाए जाने की वजह से पम्प पर पेट्रोल डीजल खत्म हो गया है का बोर्ड लगा दिए हैं, यह सच नहीं है।




