(मुकेश सेठ)
(मुम्बई)
सीटू ने कहा कि पूर्व सहमति के बाद भी प्रशासन ने किया गतिरोध पैदा करने का प्रयास
सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) गौतमबुद्ध नगर ने आज पुलिस-प्रशासन के तमाम अवरोधों के बावजूद मजदूर दिवस के सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न किए।
गत 30 अप्रैल को प्रशासन से वार्ता के बाद क्राउन प्लाजा, सूरजपुर में प्रस्तावित जनसभा स्थगित कर अनमोल इंडस्ट्रीज, उद्योग विहार पर प्रातः 7:00 से 8:30 बजे तक झंडारोहण व मिष्ठान वितरण का निर्णय लिया गया।
जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा था कि “औद्योगिक शांति व सौहार्द के लिए हमने जिम्मेदारी दिखाई।”
उन्होंने कहा कि पूर्व सहमति के बावजूद 1 मई की सुबह पुलिस ने मजदूरों को कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने का प्रयास किया। सीटू जिला महासचिव रामस्वारथ को हाउस अरेस्ट किया गया। अनमोल इंडस्ट्रीज पर सभा के दौरान पुलिस ने नारे लगाने व झंडा-बैनर लगाने से रोका।
सीटू नेताओं व मजदूरों ने पुलिस के सामने कड़ा रुख अपनाया और साफ कहा कि “मजदूर दिवस का कार्यक्रम जैसे होता है वैसे ही होगा। गिरफ्तारी करनी है या लाठी चलानी है, कर लीजिए। हम मई दिवस इसी तरह मनाएंगे।” इसके बाद प्रशासन पीछे हटा।
जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार राघव ने झंडारोहण किया।
सीटू जिला कार्यालय, सेक्टर-8: सीटू राष्ट्रीय सचिव कामरेड कारुमलायन ने झंडारोहण किया।

सभा को संबोधित करने वाले प्रमुख नेताओं में सीटू राष्ट्रीय सचिव कामरेड ए.आर. सिंधु, कामरेड कारुमलायन, दिल्ली राज्य महासचिव कामरेड पी.वी. अनियन, सचिव मंडल सदस्य कामरेड अनुराग सक्सेना, कामरेड सुनंद, जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार राघव, महासचिव रामस्वारथ, सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा, उपाध्यक्ष रामसागर, किसान सभा जिला अध्यक्ष रुपेश वर्मा, पूर्व बार अध्यक्ष एडवोकेट उमेश भाटी, जनवादी महिला समिति की आशा यादव, रेखा चौहान, एसएफआई नेता सूरज सहित आदि लोग रहे।
सीटू ने कहा कि “प्रशासन का रवैया मजदूरों के संवैधानिक अधिकारों का हनन है। पूर्व सहमति के बाद भी हाउस अरेस्ट व गतिरोध पैदा करना निंदनीय है। सीटू औद्योगिक शांति के साथ-साथ मजदूरों के अधिकारों के लिए कानूनी व जन-अभियान जारी रखेगा।”
इसके साथ ही अन्य स्थानों पर भी कार्यक्रम संपन्न हुए जिनमें वाइब्रा कास्टिक इंडिया लिमिटेड फेज-2 नोएडा, अंबुजा सीमेंट दादरी व अन्य कार्यस्थलों पर भी शांतिपूर्ण झंडारोहण हुआ।




